हरिद्वार: उत्तराखंड में लैंड जिहाद, धर्मांतरण विरोधी कानून और यूसीसी के बाद अब मुख्यमंत्री ने सनातन के प्रचार को लेकर बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री धामी के अनुसार अब हरिद्वार के सभी प्रवेश द्वारों पर और बाद में राज्य के सभी प्रवेश द्वारों पर यानी सीमाओं पर एक 251 फीट ऊंचा भगवा ध्वज स्थापित किया जाएगा। हरिद्वार में गंगा किनारे ध्वज की स्थापना के लिए मुख्यमंत्री ने 251 फुट लंबे भगवा ध्वज लगाने का ऐलान किया और शिलान्यास किया। उत्तराखंड सरकार,हरकी पौड़ी की प्रबंधकारिणी संस्था श्री गंगा सभा और भारतीय नदी परिषद के तत्वावधान में भगवा ध्वज की स्थापना की जाएगी।

देव भूमि उत्तराखंड हिंदुत्व की सबसे बड़ी प्रयोगशाला के रूप में उभर रहा है। सनातन की रक्षा के लिए राज्य के मुख्यमंत्री बड़े फैसले ले रहे है । इन फैसलों में , धर्मांतरण विरोधी कड़ा कानून, लैंड जिहाद के खिलाफ अभियान, स्कूलों में गीता को शिक्षा में शामिल करना और यूसीसी जैसे बड़े फैसले के बाद अब राज्य ने सनातन के परचम को लहराने का एक और बड़ा फैसला किया है। राज्य की सीमाओं पर अब दुनिया में सबसे ऊंची धर्म ध्वजा स्थापित की जाएगी। राज्य के मुख्यमंत्री ने इसकी शुरुआत हरिद्वार से कर दी है। हरिद्वार में मुख्यमंत्री ने गंगा किनारे भगवा ध्वज की स्थापना का सांकेतिक रूप से शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस योजना के बारे में बताया कि उत्तराखंड देव भूमि है और राज्य की सीमा के अंदर प्रवेश करते हुए व्यक्ति को एक अलौकिक एहसास हो इसके लिए सीमाओं पर विशाल भगवा ध्वज स्थापित किया जाएगा। पहला ध्वज हरिद्वार में स्थापित किया जाएगा, जिसका शिलान्यास सांकेतिक रूप से कर दिया गया है। और इसकी स्थापना का काम जल्द शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यह धर्मध्वज 251फीट ऊंचे होने जो विश्व में सबसे ऊंचा होगा। उन्होंने कह कि धर्मध्वज की स्थापना का मकसद यह भी ही की राज्य में प्रवेश करते वक्त ही व्यक्ति के मन में यह भाव उत्पन्न हो कि वह देव भूमि में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऋषि मुनियों, शंकराचार्य जैसे महापुरुषों की भूमि का मूल स्वरूप बन रहे इसके लिए निरंतर काम कर रहे है।

विश्व के सबसे ऊंचे भगवा ध्वज की स्थापना का साधु संतों ने स्वागत किया है। अखिल भारतीयअखाड़ा परिषद् के अध्यक्ष, मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं पंचायती श्री निरंजनी अखाड़ा के सचिव महंत रविंद्रपुरी महाराज ने 251 फीट की भगवा धर्म ध्वजा की स्थापना के लिए मुख्यमंत्री को बधाई देते हुए कहा कि वह लगातार सनातन की रक्षा के लिए काम कर रहे है और यह भगवा धर्म ध्वजा विश्व में कीर्तिमान स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि हमने भी इस तरह की एक धर्म ध्वजा स्थापित करने का प्रयास किया था। अब मुख्यमंत्री ने इसके लिए प्रयास किया है वह स्वागत योग्य है।
भगवा धर्म ध्वजा की स्थापना में सहयोगी श्री गंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम ने बताया कि 251 फीट की भगवा धर्म ध्वजा से पूरे विश्व में सनातन के संदेश का परचम लहराएगा।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन, गंगा सभा और भारतीय नदी परिषद के संयुक्त तत्वाधान में स्थापित होने वाली विश्व में सबसे ऊंची भगवा धर्म ध्वजा होने का कीर्तिमान स्थापित करेगी। इससे पहले अभी तक गुजरात में सबसे ऊंचा 221 फीट का ध्वज लगा है । पहली धर्म ध्वजा हरिद्वार में स्थापित की जाएगी जिसका सांकेतिक शिलान्यास मुख्यमंत्री ने कर दिया ही। अब जल्द ही उपयुक्त स्थान का चयन कर ध्वज की स्थापना का काम शुरू कर दिया जाएगा। यह धर्मध्वजा हरिद्वार की गरिमा, गंगा के महत्व और सनातन परंपरा के गौरव को बढ़ाएगी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री धामी सनातन का गौरव बढ़ाने का लगातार प्रयास कर रहे है इसके लिए वह बधाई के पात्र है।
