प्रधानमंत्री मोदी का 28वां उत्तराखंड दौरा: विकास की नई ऊंचाइयों को छूती देवभूमि

देहरादून। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को अपने 28वें दौरे पर उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के साढ़े चार साल के कार्यकाल के दौरान प्रधानमंत्री का यह 18वां दौरा होगा, जो केंद्र सरकार की उत्तराखंड के प्रति विशेष प्राथमिकताओं को दर्शाता है। इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री न केवल दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करेंगे, बल्कि टिहरी में 1 हजार मेगावाट क्षमता वाले देश के पहले वेैरिएबल स्पीड पंप स्टोरेज संयंत्र को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

आस्था और आध्यात्मिक जुड़ाव

प्रधानमंत्री बनने के बाद से ही नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड के साथ एक अटूट और गहरा रिश्ता रहा है। 11 सितंबर 2015 को ऋषिकेश स्थित दयानंद सरस्वती आश्रम से शुरू हुआ यह सफर आज उत्तराखंड के कण-कण से जुड़ चुका है। वे अब तक पांच बार केदारनाथ धाम की यात्रा कर चुके हैं और बदरीनाथ सहित मां गंगा के शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा का भी दौरा कर चुके हैं। प्रधानमंत्री ने स्वयं को उत्तराखंड के तीर्थाटन और पर्यटन के ‘ब्रांड एंबेसडर’ के रूप में स्थापित किया है, जिससे राज्य में श्रद्धालुओं की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है।

पर्यटन और कनेक्टिविटी में क्रांतिकारी बदलाव

प्रधानमंत्री के प्रयासों से उत्तराखंड में ‘बारहमासी पर्यटन’ की अवधारणा धरातल पर उतरी है। उनके आदि कैलाश (पिथौरागढ़) और मुखबा (उत्तरकाशी) दौरों ने इन क्षेत्रों को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर ला दिया है। बुनियादी ढांचे के विकास की बात करें तो, केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत ₹2 लाख करोड़ से अधिक की योजनाएं आज राज्य की तस्वीर बदल रही हैं। इनमें मुख्य रूप से शामिल हैं:

  • चारधाम ऑलवेदर रोड: चारों धामों तक सुगम पहुँच सुनिश्चित करना।

  • ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना: पहाड़ तक ट्रेन पहुँचाने का ऐतिहासिक कार्य।

  • रोपवे परियोजनाएं: केदारनाथ और हेमकुंट साहिब के लिए आधुनिक यात्रा मार्ग।

  • दिल्ली-देहरादून एलिवेटेड रोड: राजधानी देहरादून और दिल्ली के बीच की दूरी को न्यूनतम करना।

‘कर्म और मर्म’ का रिश्ता

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री के दौरे पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि मोदी जी का उत्तराखंड से ‘कर्म और मर्म’ का रिश्ता है। उनके नेतृत्व में पीएमजीएसवाई (PMGSY) के जरिए सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक सड़कें पहुंची हैं और हवाई सेवाओं का विस्तार हुआ है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आगामी लोकार्पण समारोह न केवल यादगार होगा, बल्कि राज्य के विकास की गति को और अधिक तीव्रता प्रदान करेगा।

टिहरी का पंप स्टोरेज संयंत्र: एक नई उपलब्धि

इस दौरे का एक मुख्य आकर्षण टिहरी में निर्मित देश का पहला वेरिएबल स्पीड पंप स्टोरेज संयंत्र है। यह संयंत्र ऊर्जा सुरक्षा की दृष्टि से भारत के लिए एक बड़ी उपलब्धि है, जो नवीकरणीय ऊर्जा के कुशल प्रबंधन में मील का पत्थर साबित होगा। प्रधानमंत्री के इस आगमन को लेकर संपूर्ण देवभूमि में भारी उत्साह का माहौल है और शासन-प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *