मुख्यमंत्री धामी के सख्त निर्देशों के बाद वन विभाग की स्पेशल टीम ने किया सफल ऑपरेशन
गजेल्ड गांव और आसपास के इलाकों में कई महीनों से दहशत फैलाने वाला खूंखार गुलदार ढेर
ग्रामीणों की जान बचाने के लिए दिन-रात चला ट्रैकिंग और सर्च अभियान
सीएम धामी का ग्रामीणों को भरोसा – “आपकी सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता
प्रभावित क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने का ऐलान, भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक का वादा
पौड़ी गढ़वाल | 11 दिसंबर 2025 :
पौड़ी जनपद के गजेल्ड (गजल्ड) गांव और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कई महीनों से आतंक का पर्याय बने नर-भक्षी गुलदार को वन विभाग की विशेष शूटर टीम ने आज सफलतापूर्वक मार गिराया। इस गुलदार ने अब तक कई लोगों की जान ली थी और पूरे इलाके में दहशत का माहौल था।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उन्होंने स्पष्ट कहा था कि ग्रामीणों की सुरक्षा से बढ़कर कुछ नहीं और किसी भी तरह कीमत पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री के निर्देशों पर वन विभाग ने तत्काल अनुभवी शिकारियों और ट्रैकर्स की विशेष टीम तैनात की। कैमरा ट्रैप, ड्रोन, स्थानीय मुखबिरों की मदद और लगातार जमीनी ट्रैकिंग के बाद आज टीम ने गुलदार को ढेर कर दिया।
मुख्यमंत्री ने सफल अभियान पर वन विभाग और पूरी टीम को बधाई दी है और ग्रामीणों से कहा है कि उत्तराखंड सरकार उनकी सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में वन विभाग की पेट्रोलिंग और निगरानी को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जंगल से सटे क्षेत्रों में शाम ढलने के बाद सावधानी बरतें और अकेले जंगल की ओर न जाएं।
