भारत माँ की रक्षा के लिए आपका स्वागत है’: हल्द्वानी में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने दी अग्निवीरों को दी बधाई

हल्द्वानी: उत्तराखंड की सैन्य भूमि (देवभूमि) के लिए आज का दिन गौरवपूर्ण रहा। हल्द्वानी आगमन पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारतीय सेना के लिए चयनित 112 से अधिक अग्निवीरों से मुलाकात की। ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष के बीच रक्षामंत्री ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा, “देश की सीमाओं और भारत माँ की रक्षा के लिए आगे आ रहे आप सभी युवाओं का भारतीय सेना में हार्दिक स्वागत है।”

मुख्यमंत्री ने लगाया तिलक, दीं शुभकामनाएँ

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चयनित अग्निवीरों को प्रतीक स्वरूप तिलक लगाकर विदा किया। उन्होंने युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्र सेवा के संकल्प के लिए उन्हें अपनी शुभकामनाएँ दीं।

यूथ फाउंडेशन का शानदार प्रदर्शन

ये सभी चयनित अग्निवीर ‘यूथ फाउंडेशन’ के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त कर सेना में भर्ती हुए हैं। कार्यक्रम में मौजूद यूथ फाउंडेशन के अध्यक्ष कर्नल अजय कोठियाल (रिटायर्ड) ने गौरवपूर्ण आँकड़े साझा करते हुए बताया कि:

  • इस बैच के 752 उम्मीदवारों में से 710 का चयन अग्निवीर भर्ती में हुआ है।

  • मुख्यमंत्री धामी के प्रोत्साहन से यह फाउंडेशन उत्तराखंड के युवाओं को सेना, अर्धसैनिक बलों और पुलिस भर्ती के लिए निःशुल्कशारीरिक एवं लिखित परीक्षा का प्रशिक्षण देता है।

  • अब तक 15,000 से अधिक युवा इस संस्थान से प्रशिक्षित होकर राष्ट्र सेवा में जुड़ चुके हैं।

रक्षामंत्री ने की कर्नल कोठियाल की सराहना

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कर्नल अजय कोठियाल द्वारा चलाए जा रहे इस राष्ट्र सेवा के कार्य की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उन्होंने चयनित युवाओं के साथ ग्रुप फोटो भी खिंचवाई। बता दें कि कर्नल कोठियाल एवरेस्ट विजेता होने के साथ-साथ केदारनाथ पुनर्निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *