उत्तराखंड की तरह हरियाणा के स्कूलों में पढ़ाएंगे गीता : सैनी

देहरादून :हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दून में कहा कि तीर्थाटन हो या पर्यटन, अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। ऐसे लोगों के लिए समाज में कोई जगह नहीं है। कहा कि उत्तराखंड की तर्ज पर आठवीं कक्षा तक बच्चों को गीता पढ़ाएंगे।

रविवार को सांसद नरेश बंसल की माताजी को श्रद्धांजलि देने पहुंचे हरियाणा के सीएम ने देहरादून में पत्रकारों से अनौपचारिक बात की। खासकर कांवड़ यात्रा के दौरान कुछ कथित कांवड़ियों के द्वारा की जा रही अभद्रता और अमर्यादित व्यवहार पर उन्होंने कहा कि यह यात्रा भगवान शिव की भक्ति का प्रतीक है। इसमें देशभर से श्रद्धालुहजारों किलोमीटर दूर से मां गंगा का पवित्र जल लाकर अपने गांव, शहर या मोहल्ले में शिवलिंग का अभिषेक करते हैं। सीएम सैनी ने कहा कि यह केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि आस्था, समर्पण और अनुशासन का पर्व है। उन्होंने कहा कि कि अगर कोई शरारती तत्व इस श्रद्धा की आड़ में उपद्रव फैलाने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूर होनी चाहिए।

उन्होंने जनता से अपील की कि सभी यात्रा की गरिमा बनाए रखें और शांतिपूर्वक इसे संपन्न करें। सीएम सैनी ने कहा कि जो लोग अव्यवस्था फैलाते हैं या समाज को तोड़ने का प्रयास करते हैं उनके लिए समाज में कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि हमारे यहां के लोग भी ऐसा कुछ करते हैं तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। पुष्कर सिंह धामी के कामकाज की तारीफ करते हुए सैनी ने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के जरिए राज्य में एक लाख करोड़ का निवेश लाना एक बड़ी उपलब्धि है। इससे उत्तराखंड में उद्योगों का विकास होगा और स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेंगे।

सीएम धामी से मिले नायब सैनी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें चार धाम का प्रसाद एवं देवभूमि उत्तराखंड के अंब्रेला ब्रांड “हाउस ऑफ हिमालया” के स्थानीय उत्पाद भी भेंट किए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री के मध्य दोनों राज्यों के हितों से संबंधित विभिन्न समसामयिक विषयों पर चर्चा हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *