मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने देश की आज़ादी एवं माँ भारती की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले महानायकों का स्मरण किया। प्रदेश के धराली और अन्य क्षेत्रों में आपदा से जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएँ व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि आपदा से प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्वास की व्यवस्था की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अमर बलिदानियों के सपनों के अनुरूप देश को आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वैश्विक स्तर पर भारत की स्वीकार्यता बढ़ी है। उनके नेतृत्व में देश में अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। उत्तराखंड में नवनिर्माण और पुनर्निर्माण के कार्य तेजी से हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार कृतसंकल्प के साथ कार्य कर रही है। आगामी 25 वर्षों की योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। जन सहयोग से उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का ऐतिहासिक संबोधन सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण का दृढ़ संकल्प है। उन्होंने अपने भाषण से प्रत्येक भारतीय को गर्व एवं विश्वास से भर दिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए न सिर्फ भारतीय सेना के अदम्य साहस, गौरव और पराक्रम को नमन किया बल्कि यह भी स्पष्ट कर दिया कि भारत अपनी सुरक्षा और सम्मान के प्रति किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षा क्षेत्र से लेकर सेमीकंडक्टर जैसी अत्याधुनिक तकनीकों में हो रही अभूतपूर्व प्रगति का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री जी ने संदेश दिया कि आत्मनिर्भरता ही विकसित भारत की सबसे मजबूत नींव है, और यह केवल आर्थिक पहलू तक सीमित नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सम्मान और स्वाभिमान का भी आधार है।
