गांव ने रचा लोकतंत्र का नया अध्याय: खुद छपवाए बैलेट, कराया जनमत, चुना एकता का प्रधान

उत्तराखंड:उत्तराखंड के ऊधमसिंहनगर जिले के गदरपुर ब्लॉक के अंतर्गत रामबाग गांव ने पंचायत चुनाव को लेकर मिसाल पेश की है। ग्रामीणों ने सामूहिक निर्णय और पारदर्शिता के साथ ग्राम प्रधान के लिए उम्मीदवार तय करने की अनोखी लोकतांत्रिक प्रक्रिया अपनाई।

शिक्षक की अगुवाई में बनी चुनाव टीम, छपवाए गए बैलेट पेपर गांव के शिक्षक नित्यानंद मंडल के मार्गदर्शन में 10 सदस्यीय चुनाव संचालन समिति बनाई गई।

इस टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से बैलेट पेपर छपवाए और घर-घर जाकर मतदान कराया। मतदान की प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई।

तालाब में फेंकी गई चाबी, मंदिर में रखी गई मतपेटी
मतदान के बाद मतपेटी को सील कर उसकी चाबी तालाब में फेंक दी गई। मतपेटी को गोविंद मंदिर में सुरक्षित रखा गया ताकि निष्पक्षता पर कोई सवाल न उठे।

243 बनाम 119: जनमत से चुना गया एक प्रत्याशी
नामांकन वाले दिन पूरे गांव के सामने मतपेटी खोली गई। परिणाम में एक प्रत्याशी को 243 और दूसरे को 119 वोट मिले। बहुमत पाने वाले को ग्राम प्रधान का उम्मीदवार घोषित किया गया।

हारने वाले ने जनमत का सम्मान करते हुए पूरा समर्थन देने की घोषणा की।

अब गांव से निर्विरोध होगा प्रधान निर्वाचित
जनमत से चुने गए प्रत्याशी का नामांकन पूरे गांव ने गाजे-बाजे के साथ गदरपुर ब्लॉक में जाकर कराया। गांव में एकता, पारदर्शिता और लोकतांत्रिक भावना की यह मिसाल अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *