ताज का दीदार करेंगे 30 से ज्यादा देशों के सेना प्रमुख, दिल्ली में 14 से 16 अक्तूबर तक होगा सम्मेलन

नई दिल्ली में 14 से 16 अक्तूबर तक यूएनटीसीसी सम्मेलन आयोजित होगा जिसमें 30 से ज्यादा देशों के सेना प्रमुख शामिल होंगे। सम्मेलन के दौरान सभी अधिकारी ताजमहल का दीदार करेंगे और शांति अभियानों को प्रभावी बनाने पर चर्चा करेंगे।

भारतीय सेना 14 से 16 अक्तूबर तक नई दिल्ली में संयुक्त राष्ट्र सैन्य योगदानकर्ता देशों (यूएनटीसीसी) के प्रमुखों के सम्मेलन की मेजबानी करेगी, जिसमें 30 से अधिक देशों के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी शामिल होंगे।

सम्मेलन में संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों में सहयोग और संवाद को सुदृढ़ किया जाएगा। साथ ही, प्रौद्योगिकी के जरिये शांति अभियानों की प्रभावशीलता बढ़ाने पर विचार होगा। भारत यात्रा के दौरान ये सभी सैन्य अधिकारी ताजमहल का दीदार करने पहुंचेंगे

ऑपरेशन सिंदूर पर विशेष सत्र
सम्मेलन में शामिल होने वाले सेनाध्यक्षों को ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी भी दी जाएगी। भारत लगातार कहता रहा है कि इस ऑपरेशन का उद्देश्य आतंकी शिविरों को निशाना बनाना था, न कि किसी देश पर हमला करना। सम्मेलन में श्रीलंका, बांग्लादेश, भूटान, नेपाल, इटली, फ्रांस, इंडोनेशिया, ब्राजील और मलेशिया समेत लगभग 30 देश हिस्सा लेंगे।