छात्रा के सवाल पर CM धामी ने कार्यक्रम में ही की घोषणा, 10वीं-12वीं के छात्रों को टैब के लिए DBT से मिलेगी धनराशि

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने शिक्षा, तकनीक और राज्य के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर मुख्यमंत्री से सवाल किए और अपने सुझाव भी साझा किए।

संवाद के दौरान हरिद्वार की कक्षा 11वीं की छात्रा लवप्रीत कौर ने ऑनलाइन पढ़ाई के लिए जरूरी डिजिटल संसाधनों की उपलब्धता का मुद्दा उठाया। छात्रा ने कहा कि ऑनलाइन पढ़ाई का चलन लगातार बढ़ रहा है, लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बच्चों को फोन या लैपटॉप उपलब्ध कराना मुश्किल होता है। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूछा कि ऐसे विद्यार्थियों के लिए सरकार क्या व्यवस्था करेगी।

कार्यक्रम में ही कर दी घोषणा

छात्रा के सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम के दौरान ही महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि राजकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को टैब उपलब्ध कराने के लिए उनके बैंक खातों में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री की इस घोषणा का उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ना और ऑनलाइन अध्ययन के लिए आवश्यक तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराना है।

तकनीक से जोड़ी जा रही शिक्षा व्यवस्था

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में लगातार काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर मिलें और वे बदलती तकनीकी जरूरतों के अनुरूप अपनी पढ़ाई कर सकें।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के साथ इस तरह का सीधा संवाद उनकी अपेक्षाओं, समस्याओं और सुझावों को समझने का महत्वपूर्ण माध्यम है। सरकार इन संवादों के माध्यम से विद्यार्थियों की जरूरतों के अनुरूप शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।