‘हर घर तिरंगा यात्रा’ में शामिल हुए CM धामी: गांधी पार्क से घंटाघर तक निकाला पैदल मार्च; कहा— ‘हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान गढ़ रहा उत्तराखंड’

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर के उपलक्ष्य में गांधी पार्क, देहरादून में आयोजित भव्य ‘हर घर तिरंगा यात्रा’कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गांधी पार्क से घंटाघर तक हज़ारों लोगों के साथ पैदल तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा से पूर्व उन्होंने घंटाघर स्थित उत्तराखंड आंदोलन के जननायक स्व. श्री इन्द्रमणी बडोनी एवं भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सीएम धामी ने सभी प्रदेशवासियों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रभक्ति की ज्वाला को प्रज्वलित रखने का आह्वान किया।

“सख्त फैसलों और विकास से संवर रहा उत्तराखंड”: सीएम धामी

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य सरकार की प्रमुख उपलब्धियों और ऐतिहासिक फैसलों का ब्योरा रखा।
ऐतिहासिक आर्थिक प्रगति: पिछले एक वर्ष में राज्य की GSDP में 7.23% की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि प्रति व्यक्ति आय में 41% की ऐतिहासिक बढ़ोतरी हुई है। नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्यों (SDG Index) में उत्तराखंड देश में प्रथम स्थान पर रहा है।
रोजगार और सख्त कानून: देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद पिछले 5 वर्षों में 34,000 से अधिक पारदर्शी सरकारी नौकरियां दी गईं। राज्य में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए और 1,750 से अधिक स्टार्टअप्स शुरू हुए।
रिवर्स पलायन: सरकारी नीतियों और स्वरोजगार (होम-स्टे, पर्यटन नीति) के प्रोत्साहन से राज्य में रिवर्स पलायन में 44% तक की बढ़ोतरीदेखी गई है।
कड़े और ऐतिहासिक निर्णय: देश में सबसे पहले समान नागरिक संहिता (UCC) कानून लागू किया गया। इसके साथ ही कड़ा धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून भी लागू किया गया है। राज्य में 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। मदरसा बोर्ड को समाप्त कर ‘उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण’ का गठन किया गया है तथा 250 से अधिक अवैध मदरसों पर कार्रवाई की गई है।

“वीरभूमि के जवानों और परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध”

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि भी है, जहाँ का हर दूसरा परिवार सीमा पर देश की रक्षा में तैनात है। केंद्र और राज्य सरकार रक्षा क्षेत्र को मजबूत करने के साथ-साथ पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के कल्याण के लिए पूरी तत्परता से काम कर रही है।

कार्यक्रम में प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी

इस भव्य तिरंगा यात्रा में राज्यसभा सांसद श्री महेंद्र भट्ट, श्री नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी, श्री सौरभ बहुगुणा, विधायक श्री खजान दास, श्री उमेश शर्मा काऊ, श्री विनोद चमोली, श्रीमती सविता कपूर, मेयर श्री सौरभ थपलियाल, महानगर अध्यक्ष श्री सिद्धार्थ अग्रवाल, महामंत्री श्री कुंदन परिहार और श्रीमती दीप्ति रावत सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *