संगठन और सरकार के बेहतर समन्वय से जन-जन तक पहुंचेंगी जनकल्याणकारी योजनाएं: मुख्यमंत्री धामी

मुख्यमंत्री ने पौड़ी, टिहरी और हरिद्वार लोकसभा क्षेत्रों की संगठनात्मक समीक्षा बैठक में बूथ स्तर को मजबूत करने का दिया संदेश
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल एवं हरिद्वार लोकसभा क्षेत्रों की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक ली। इस उच्चस्तरीय बैठक में क्षेत्र के सांसदों, विधायकों, जिलाध्यक्षों, प्रदेश पदाधिकारियों तथा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने प्रतिभाग किया। बैठक का मुख्य उद्देश्य तीनों लोकसभा क्षेत्रों में संगठन को विधानसभा से लेकर बूथ स्तर तक अधिक सक्रिय, मजबूत और प्रभावी बनाना रहा।
बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनसंपर्क पर जोर
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की वास्तविक शक्ति उसका समर्पित कार्यकर्ता और सुदृढ़ संगठन है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं संगठन के पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद बनाए रखें। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल से ही विकास और जनसेवा के संकल्पों को धरातल पर उतारा जा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सरकार और जनता के बीच का सबसे मजबूत सेतु बताया।
जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प
बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों तथा केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार की तैयारियों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। सरकार द्वारा लिए गए ऐतिहासिक निर्णयों और विकास योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति
इस महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद श्री महेंद्र भट्ट, सांसद व पूर्व मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, सांसद श्री अनिल बलूनी, राज्यसभा सांसद श्री नरेश बंसल, श्रीमती कल्पना सैनी सहित राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री, विधायक, जिलाध्यक्ष एवं पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *