गोपेश्वर (चमोली): आयुक्त गढ़वाल मंडल आनन्द स्वरूप ने जिला सभागार गोपेश्वर में टीएचडीसी (THDC) की निर्माणाधीन सुरंग में हुए हादसे के संबंध में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में राहत एवं बचाव अभियान की प्रगति, उपलब्ध संसाधनों, एजेंसियों के आपसी समन्वय और प्रभावित श्रमिकों के हितों की रक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत समीक्षा की गई।
हादसे का अद्यतन विवरण: 12 रेस्क्यू, 8 की मृत्यु और 2 की तलाश जारी
अधिकारियों ने समीक्षा बैठक के दौरान हादसे से जुड़ा विस्तृत आंकड़ा प्रस्तुत किया:
-
कुल प्रभावित श्रमिक: हादसे में कुल 22 श्रमिक प्रभावित हुए हैं।
-
सकुशल रेस्क्यू: अब तक 12 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। इनमें से 7 श्रमिक जिला अस्पताल गोपेश्वर में उपचाराधीन हैं, जबकि 1 गंभीर रूप से घायल श्रमिक को एम्स ऋषिकेश में बेहतर इलाज दिया जा रहा है।
-
दुखद मृत्यु: हादसे में दुर्भाग्यवश 8 श्रमिकों की मृत्यु हुई है।
-
लापता श्रमिक: सुरंग के भीतर अभी भी फंसे 2 लापता श्रमिकों की तलाश के लिए सघन खोज एवं बचाव अभियान जारी है।
टनल से हटाई जा रहीं मशीनें, सर्च ऑपरेशन में तेजी के निर्देश
आयुक्त गढ़वाल मंडल ने निर्देश दिए कि टनल में फंसे शेष दो श्रमिकों की तलाश पूरी गंभीरता और तेजी के साथ जारी रखी जाए। अधिकारियों ने बताया कि रेस्क्यू मार्ग को सुगम बनाने के लिए टनल के भीतर से तीन बड़ी मशीनें हटाई जा चुकी हैं तथा एक एक्सकेवेटर और डम्पर को हटाने का कार्य चल रहा है। आयुक्त ने शेष मशीनरी को प्राथमिकता से हटाकर सर्च अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए।
आरबीएनएल व टीएचडीसी में समन्वय और श्रमिकों के पीएफ जांच के आदेश
-
एजेंसियों में समन्वय: आयुक्त ने आरबीएनएल (RVNL) और टीएचडीसी के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित कर रेस्क्यू कार्यों में संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
-
श्रम हितों की समीक्षा: आयुक्त ने श्रमिकों के कल्याण पर जोर देते हुए श्रम अधिकारी को टीएचडीसी परियोजना में कार्यरत सभी श्रमिकों के पीएफ (PF) से संबंधित अभिलेखों की जांच कर स्पष्ट एवं तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने यह रिपोर्ट प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने और इसकी जानकारी श्रम आयुक्त को भी प्रेषित करने के आदेश दिए।
बैठक में चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश और उपजिलाधिकारी राज कुमार पांडे सहित संबंधित विभागों और टीएचडीसी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
