देहरादून/हरिद्वार:
उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हरिद्वार जिले के दो सरकारी अधिकारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए अधिकारियों में खानपुर ब्लॉक के सहायक कृषि अधिकारी और नारसन ब्लॉक के क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी शामिल हैं। विजिलेंस की टीमों ने दोनों आरोपियों के आवासों पर भी छापेमारी की, जहाँ से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
मामला 1: सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर माँगी 10 हजार की रिश्वत
विजिलेंस से मिली जानकारी के अनुसार, खानपुर क्षेत्र के एक ग्रामीण ने कृषि यंत्र खरीदने के लिए ब्लॉक में सब्सिडी योजना के तहत आवेदन किया था। पीड़ित जब सहायक कृषि अधिकारी हरिओम यादव के पास काम के सिलसिले में गया, तो वह लगातार मामले को टालता रहा।
इसके बाद जब आवेदक के भाई ने अधिकारी से बात की, तो हरिओम यादव ने फाइल आगे बढ़ाने के एवज में 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। पीड़ित की शिकायत पर विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और मंगलवार सुबह कार्यालय खुलते ही आरोपी हरिओम यादव को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अधिकारी नजीबाबाद रोड स्थित प्रतापनगर (कोटद्वार) का रहने वाला है।
मामला 2: फूलों की खेती के अनुदान के लिए मांगे 35 हजार रुपये
दूसरी कार्रवाई नारसन ब्लॉक में हुई, जहाँ युवा मंगल कल्याण दल का संचालन करने वाले एक स्थानीय व्यक्ति ने फूलों की खेती के लिए सरकारी अनुदान राशि का आवेदन किया था। अनुदान स्वीकृत कराने के लिए पीड़ित ने क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी कुलदीप कुमार से संपर्क किया।
आरोप है कि कुलदीप कुमार आवेदक को दस्तावेजों और कागजी औपचारिकताओं के नाम पर लगातार चक्कर कटवा रहा था। परेशान होकर जब पीड़ित ने गुहार लगाई, तो कुलदीप कुमार ने काम पूरा करने के एवज में 35 हजार रुपये रिश्वत की शर्त रखी। शिकायत मिलने पर विजिलेंस ने कार्रवाई करते हुए मंगलवार को आदर्श कॉलोनी, लक्सर निवासी कुलदीप कुमार को 35 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोच लिया।
आवासों की ली गई तलाशी, आगे की जांच जारी
विजिलेंस की टीम ने दोनों अधिकारियों को गिरफ्तार करने के बाद उनके संबंधित ठिकानों और घरों की गहन तलाशी ली है। छापेमारी के दौरान कई अहम दस्तावेज जब्त किए गए हैं। दोनों अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
