देहरादून। उत्तराखंड को नया राज्यपाल मिल गया है। डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने सोमवार को देहरादून स्थित लोक भवन में राज्यपाल पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित प्रदेश के जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। शपथ ग्रहण के साथ ही डॉ. बिसेन ने राज्यपाल के रूप में अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी संभाली।
लोक भवन परिसर में आयोजित समारोह के लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक तैयारियां की गई थीं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समारोह में प्रतिभाग कर नए राज्यपाल को शुभकामनाएं दीं।
सीएम धामी चिकित्सा शिक्षा से जुड़े कार्यक्रम में भी होंगे शामिल
राज्यपाल के शपथ ग्रहण समारोह के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अन्य सरकारी कार्यक्रम भी निर्धारित हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री दोपहर 12:30 बजे सेलाकुई स्थित हेमवती नंदन बहुगुणा चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय पहुंचेंगे। यहां वे लोकार्पण और शिलान्यास समारोह में प्रतिभाग करेंगे। इस दौरान विश्वविद्यालय से संबंधित विकास कार्यों का लोकार्पण और विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा।
इसके बाद दोपहर 2:25 बजे मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में शासकीय कार्यों और प्रशासनिक मामलों के लिए समय निर्धारित है।
डॉ. ढाल सिंह बिसेन के राज्यपाल पद की शपथ लेने के साथ उत्तराखंड में राजभवन की संवैधानिक जिम्मेदारियां अब उनके नेतृत्व में आगे बढ़ेंगी। वहीं, मुख्यमंत्री धामी का चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय में प्रस्तावित कार्यक्रम प्रदेश में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा से जुड़े विकास कार्यों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
