समस्तीपुर: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के प्रथम चरण के लिए 6 नवंबर को होने वाले मतदान से ठीक पहले आज शाम 5 बजे चुनाव प्रचार पूरी तरह थम गया। प्रचार के अंतिम दिन विभिन्न दलों ने पूरी ताकत झोंक दी। पूरे चुनाव अभियान के दौरान एनडीए नेताओं ने लगातार लालू–राबड़ी शासन काल को मुद्दा बनाया और ‘जंगलराज’ बताकर मतदाताओं को उस दौर की याद दिलाते रहे।
इसी बीच मंगलवार को मोहनपुर स्थित जी.एम.आर.डी कॉलेज मैदान में आयोजित महागठबंधन की रैली में एक अलग ही नजारा देखने को मिला। तेजस्वी यादव की सभा के दौरान मंच पर बुलाए गए एक नन्हे बच्चे ने माइक थामते ही कहा कि ‘तेजस्वी के सरकार बनने और मुख्यमंत्री बनने पर कट्टा लेकर घूमब बजार में’।
बच्चे के इस बयान पर मंच पर मौजूद मोहिउद्दीननगर से आरजेडी प्रत्याशी एज्या यादव समेत समर्थक जोरदार तालियों से उसका उत्साह बढ़ाते दिखे और उसे माला पहनाकर सम्मान भी दिया।
बच्चा इसके बाद मंच पर गीत भी गाता रहा, जिसे सुनकर सभा में उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर उसका मनोबल बढ़ाया। तेजस्वी की इस सभा का यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
