चारधाम यात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, 45 दिन में 28 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड में चल रही चारधाम यात्रा श्रद्धालुओं की आस्था का अद्भुत संगम बन गई है। यात्रा के 45 दिनों में अब तक 28 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम—केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री—के साथ हेमकुंड साहिब के दर्शन कर चुके हैं। सबसे अधिक 10 लाख श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंचे, जहां प्रतिदिन औसतन 70 हजार श्रद्धालु दर्शन कर रहे हैं।इस वर्ष चारधाम यात्रा का शुभारंभ 30 अप्रैल से हुआ। शुरुआती दौर से ही मौसम की अनिश्चितता और चुनौतियों के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह थमा नहीं। पर्यटन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार चारों धामों और हेमकुंड साहिब में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या यात्रा की लोकप्रियता को दर्शा रही है।यात्रा को सुविधाजनक बनाने के लिए ऑनलाइन के साथ-साथ ऑफलाइन पंजीकरण की व्यवस्था भी की गई है। हरिद्वार, ऋषिकेश, हरर्बटपुर और विकासनगर में बने पंजीकरण केंद्रों में रोजाना 28 हजार तक श्रद्धालु ऑफलाइन पंजीकरण करवा रहे हैं।चारधाम यात्रा पंजीकरण के नोडल अधिकारी योगेंद्र गंगवार ने बताया कि अब तक कुल 42 लाख श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं, जिनमें से 28 लाख से अधिक तीर्थयात्री चारधाम और हेमकुंड साहिब के दर्शन कर चुके हैं।
चारधाम यात्रा में अब तक दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं का आंकड़ा:

केदारनाथ – 10,00,000
बदरीनाथ – 7,80,000
गंगोत्री – 4,53,000
यमुनोत्री – 4,50,000
हेमकुंड साहिब – 95,700
बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन और संबंधित विभाग यात्रा व्यवस्था को और सुगम बनाने में जुटे हैं। मौसम की कठिनाइयों के बीच भी श्रद्धालुओं की आस्था अडिग बनी हुई है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *