देहरादून, 11 दिसंबर 2025: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून स्थित युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल निदेशालय में प्रान्तीय रक्षक दल (PRD) के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित रैतिक परेड का निरीक्षण किया और जवानों को सलामी दी।
जवानों के बच्चों को छात्रवृत्ति, दिवंगत स्वयंसेवकों के आश्रितों को सहायता राशि प्रदान
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने PRD जवानों के मेधावी बच्चों को छात्रवृत्ति तथा ड्यूटी के दौरान दिवंगत हुए स्वयंसेवकों के आश्रितों को आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए।
तीन बड़ी घोषणाएं: प्रशिक्षण संस्थान, मेडिकल लीव में मानदेय और नया खेल मैदान
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर निम्नलिखित घोषणाएं कीं:
– पीआरडी जवानों के लिए एक विशिष्ट प्रशिक्षण संस्थान की स्थापना
– ड्यूटी के दौरान अस्पताल में भर्ती होने पर उपचार अवधि को ड्यूटी में गिना जाएगा तथा अधिकतम 6 माह तक मानदेय दिया जाएगा
– ग्राम अस्थल रायपुर में पीआरडी जवानों के लिए खेल मैदान का निर्माण
“पीआरडी जवान धैर्य और समर्पण के साथ प्रदेश की सेवा कर रहे हैं” – सीएम धामी
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीआरडी जवान धैर्य, समर्पण और अदम्य इच्छाशक्ति के साथ प्रदेश में सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, लिपिकीय कार्य, प्राकृतिक आपदाओं तथा चार धाम यात्रा जैसे विशाल आयोजनों में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने चार धाम यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने में पीआरडी जवानों की संवेदनशीलता और सजगता की सराहना की।
भत्ते में 10 गुना वृद्धि, अब ₹650 प्रतिदिन
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य गठन के समय पीआरडी जवानों को मात्र ₹65 प्रतिदिन भत्ता मिलता था, जिसे वर्तमान सरकार ने 10 गुना बढ़ाकर ₹650 प्रतिदिन कर दिया है।
मृत एवं घायल जवानों के लिए बढ़ाई गई सहायता राशि
– साम्प्रदायिक दंगों में शहादत पर सहायता राशि ₹1 लाख से बढ़ाकर ₹2 लाख
– अति-संवेदनशील ड्यूटी में शहादत पर ₹75 हजार से बढ़ाकर ₹1.5 लाख
– सामान्य ड्यूटी में मृत्यु पर ₹50 हजार से बढ़ाकर ₹1 लाख
– प्राकृतिक आपदा से नुकसान पर अधिकतम ₹50 हजार तक की सहायता का प्रावधान
इसके अतिरिक्त 10 वर्ष सेवा पूरी करने वाले सेवानिवृत्त जवानों को ₹18 लाख का एकमुश्त सेवा भत्ता भी दिया जा रहा है।
190 आश्रितों में से 133 को मिला रोजगार, 149 को इस माह मिलेगा अर्द्धसैनिक प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2023 से मृत एवं अपंग जवानों के आश्रितों को पीआरडी में पंजीकृत कर रोजगार दिया जा रहा है। अब तक 190 आश्रित पंजीकृत हुए, जिनमें से 133 को रोजगार मिल चुका है। इस माह 149 पंजीकृत आश्रितों को विभागीय अर्द्धसैन्य प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या: “मुख्यमंत्री ने पीआरडी के लिए ऐतिहासिक फैसले लिए”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री श्रीमती रेखा आर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीआरडी जवानों के हित में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। वर्तमान में प्रदेश में 7,500 से अधिक पीआरडी जवान अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
कार्यक्रम में विधायक श्री उमेश शर्मा काऊ, विशेष प्रमुख सचिव श्री अमित सिन्हा, अपर निदेशक युवा कल्याण श्री राकेश डिमरी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
