देहरादून: आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को सफल बनाने के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सचिवालय में सभी जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से समीक्षा बैठक की। उन्होंने तैयारियों को अंतिम रूप देने और निर्वाचन प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
फॉर्म निस्तारण और मैपिंग में तेजी लाने के निर्देश
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जनपदों को अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए मैपिंग कार्य में तेजी लाने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मतदाता सूची से संबंधित फार्म 6, 7 और 8 का दैनिक रूप से अनिवार्य रिव्यू किया जाए और प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
ASD सूची राजनीतिक दलों के साथ साझा करना अनिवार्य
बैठक में डॉ. पुरुषोत्तम ने चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक बूथ पर तैयार की गई ASD (ऐबसेंट, शिफ्टेड, डेथ) लिस्ट को राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (BLA) के साथ साझा करना अनिवार्य है। उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी एक सप्ताह के भीतर यह सूची सभी बीएलए को उपलब्ध करा दी जाए, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह त्रुटिरहित हो सके।
लॉजिस्टिक और डिस्ट्रीब्यूशन प्लान की समीक्षा
CEO ने सभी जनपदों के गणना प्रपत्रों की प्रिंटिंग, लॉजिस्टिक और डिस्ट्रीब्यूशन प्लान की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि अगले एक सप्ताह के भीतर वे अपने जनपदों के नगर निगम आयुक्तों के साथ बैठक करें, जिससे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के प्लान को शहरी क्षेत्रों में और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति
इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक के दौरान अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री प्रकाश चन्द्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री किशन सिंह नेगी और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री मस्तू दास उपस्थित रहे। राज्य के सभी जनपदों के जिलाधिकारी भी वर्चुअल माध्यम से इस बैठक से जुड़े।
