नानकमत्ता साहिब में CM धामी ने किया श्रमदान, बोले- स्वच्छता को जीवनशैली बनाएं

नानकमत्ता: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब परिसर में आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम में श्रमदान किया। मुख्यमंत्री ने स्वयं साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब में मत्था टेककर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से मुख्यमंत्री को सरोपा और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

धार्मिक स्थलों की स्वच्छता सामूहिक जिम्मेदारी

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखने के साथ अपने आसपास के परिवेश को स्वच्छ रखना हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण राज्य है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक यहां आते हैं। ऐसे में धार्मिक और पर्यटन स्थलों के साथ बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, अस्पतालों, सरकारी कार्यालयों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी स्वच्छता बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास जरूरी हैं।

‘सेवा संकल्प अभियान’ में जनभागीदारी पर जोर

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के प्रति समर्पण का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में सेवा, स्वच्छता और जनभागीदारी की भावना को नई मजबूती मिली है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस 17 सितंबर से प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत की गई है। अभियान के तहत सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में नानकमत्ता साहिब परिसर में स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

अभियान नहीं, जीवनशैली बने स्वच्छता

सीएम धामी ने कहा कि स्वच्छता को किसी एक अभियान या कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। इसे निरंतर जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने की जरूरत है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि प्रत्येक नागरिक अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने में योगदान दे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ और सुंदर उत्तराखंड के संकल्प को साकार किया जा सकता है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार जोगेंद्र सिंह, महासचिव सरदार अमरजीत सिंह बोपराय, डीएम नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, सीडीओ दिवेश शासनी सहित जनप्रतिनिधि, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारी और श्रद्धालु मौजूद रहे।