332 नव नियुक्त कार्मिकों को CM धामी ने बांटे नियुक्ति पत्र, बोले- नौकरी नहीं जनसेवा का माध्यम समझें

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में 332 नव नियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें आयुष विभाग के 271 कार्मिक और कर्मचारी राज्य बीमा योजना के अंतर्गत 61 एलोपैथिक फार्मेसी अधिकारी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने सभी नव नियुक्त कार्मिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा की बड़ी जिम्मेदारीहै। उन्होंने युवाओं से सेवाभाव, संवेदनशीलता और पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

जरूरतमंदों के जीवन में बदलाव लाने का माध्यम बनें

सीएम धामी ने कहा कि नियुक्ति पत्र मिलना युवाओं के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है। इसके साथ ही उनके सामने समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति की सेवा करने की जिम्मेदारी भी शुरू होती है। खासतौर पर स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कार्मिकों की भूमिका सीधे लोगों के जीवन और स्वास्थ्य से जुड़ी है।

उन्होंने कहा कि अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने वाला प्रत्येक व्यक्ति उम्मीद लेकर आता है। ऐसे में कार्मिकों का सही निर्णय और ईमानदार प्रयास किसी जरूरतमंद के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकता है।

5 साल में 35 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए कई प्रभावी कदम उठाए हैं। नकल माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई के साथ सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है।

उन्होंने कहा कि अब प्रदेश के युवाओं को उनकी मेहनत और योग्यता के आधार पर सरकारी सेवाओं में अवसर मिल रहे हैं। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है।

उत्तराखंड को मॉडल आयुष प्रदेश बनाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड योग, आयुर्वेद और औषधीय जड़ी-बूटियों की समृद्ध परंपरा वाला राज्य है। सरकार प्रदेश को मॉडल ‘आयुष प्रदेश’ और ‘ग्लोबल वेलनेस हब’ के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है।

सभी जनपदों में आयुष सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। पंचकर्म सेवाओं को आधुनिक बनाने के साथ आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। वहीं ई-संजीवनी के जरिए लोगों को घर बैठे विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा दी जा रही है। ‘आयुष सेतु पोर्टल’ को भी इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया।

सभी 13 जिलों तक पहुंची ESI योजना

सीएम धामी ने कहा कि कर्मचारी राज्य बीमा योजना की स्वास्थ्य सेवाओं का भी लगातार विस्तार किया जा रहा है। पहले यह योजना प्रदेश के छह जनपदों में संचालित थी, जिसे अब सभी 13 जिलों तक पहुंचाया गया है।

रुद्रपुर में 100 बेड के ESI अस्पताल का संचालन शुरू हो चुका है, जबकि हरिद्वार में 300 बेड के ESI अस्पताल का निर्माण चल रहा है। काशीपुर में भी ESI अस्पताल के लिए भूमि चिन्हित की गई है। इसके अलावा स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 47 नए चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर व्यक्ति को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने नव नियुक्त कार्मिकों से ईमानदारी और सेवाभाव के साथ काम करने की अपेक्षा जताते हुए कहा कि युवाओं की ऊर्जा और क्षमता विकसित एवं सशक्त उत्तराखंड के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कार्यक्रम में आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक उमेश शर्मा काऊ और सविता कपूर सहित शासन एवं विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।