हल्द्वानी/उधमसिंह नगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के तहत प्रदेश के शहरों को बेहतर सुविधाओं, सुंदर स्वरूप और सुनियोजित विकास से जोड़ने की दिशा में काम जारी है। इसी क्रम में आवास एवं राज्य संपत्ति सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने हल्द्वानी और उधमसिंह नगर जिले में विभिन्न प्रस्तावित एवं निर्माणाधीन विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
चौराहों पर दिखेगी उत्तराखंड की संस्कृति और नारी शक्ति
हल्द्वानी में हैराखान चौराहे पर मानसखंड थीम आधारित रोटरी और कुसुमखेड़ा चौराहे पर नारी शक्ति थीम आधारित रोटरी विकसित करने की योजना है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य शहर के प्रमुख चौराहों को आकर्षक स्वरूप देने के साथ उत्तराखंड की संस्कृति और नारी शक्ति की थीम को प्रदर्शित करना है।
रामलीला ग्राउंड के समीप स्थित डी.के. पार्क के सौंदर्यीकरण और विकास का कार्य भी प्रस्तावित है। पार्क में आमजन की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ओपन जिम उपकरण लगाए जाएंगे।
इसके अलावा नरीमन क्षेत्र से करीब 200 मीटर मार्ग के रोड मीडियन में वृक्षारोपण और हरितीकरण का कार्य भी प्रस्तावित है। अधिकारियों के अनुसार इन कार्यों के लिए इसी माह टेंडर आमंत्रित किए जाने प्रस्तावित हैं।
निरीक्षण के दौरान हाईकोर्ट के लिए प्रस्तावित भूमि का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने सचिव को प्रस्तावित स्थल और उससे संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई। सचिव ने सभी परियोजनाओं को आपसी समन्वय के साथ आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
रुद्रपुर में इंडोर-आउटडोर स्टेडियम की तैयारी
उधमसिंह नगर के रुद्रपुर, किच्छा और सितारगंज क्षेत्र में भी विभिन्न निर्माणाधीन विकास कार्यों का निरीक्षण किया गया।
रुद्रपुर में मोदी मैदान के समीप प्रस्तावित इंडोर एवं आउटडोर स्टेडियम की कार्ययोजना और ले-आउट का निरीक्षण किया गया। सचिव ने पूर्व में दिए गए सुझावों और संशोधनों को कार्ययोजना में शामिल करते हुए निर्माण कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।
12.48 करोड़ से बना आधुनिक बस अड्डा
किच्छा के ग्राम खुर्पिया फार्म में 3.50 एकड़ भूमि पर 12.48 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक बस अड्डे का भी निरीक्षण किया गया। कार्य पूर्ण होने के बाद यह बस अड्डा 15 अप्रैल 2026 को उत्तराखंड परिवहन विभाग को हस्तांतरित किया जा चुका है।
सचिव ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की सराहना करते हुए कहा कि एम्स सैटेलाइट सेंटर और पंतनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नजदीक होने के कारण यह बस अड्डा क्षेत्रीय आवागमन के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।
सितारगंज में पार्किंग कॉम्प्लेक्स का भी निरीक्षण
सितारगंज के मुख्य बाजार में 3.51 एकड़ भूमि पर 9.75 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे पार्क एवं पार्किंग कॉम्प्लेक्स का भी निरीक्षण किया गया।
परियोजना में 48 वाहनों की पार्किंग, 12 आधुनिक दुकानें, प्रसाधन सुविधाएं, ओपन जिम, किड्स प्ले एरिया और लैंडस्केपिंग जैसे कार्य शामिल हैं। सचिव ने परियोजना के शेष फिनिशिंग कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जय किशन, सचिव पंकज कुमार उपाध्याय, सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता पी.के. दीक्षित, उत्तराखंड पेयजल निर्माण निगम के परियोजना प्रबंधक नरेंद्र नवानी, सहायक अभियंता कैलाश डुंगवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
