देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में प्रसिद्ध निशानेबाज स्व. जसपाल राणा के जीवन और उपलब्धियों पर आधारित पुस्तक ‘Maverick Jaspal: The Man Who Changed Indian Shooting’ का विमोचन किया। इस अवसर पर जसपाल राणा की पत्नी रीना राणा, पुत्र युवराज राणा और पुत्री देवांशी राणा उपस्थित रहे। परिवारजनों ने मुख्यमंत्री को पुस्तक की प्रति भेंट की।
मुख्यमंत्री धामी ने जसपाल राणा की खेल उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी प्रतिभा, मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के दम पर भारतीय निशानेबाजी को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका जीवन और उपलब्धियां देश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जसपाल राणा ने निशानेबाजी के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने के साथ ही उत्तराखंड का गौरव भी बढ़ाया। उनका खेल सफर युवा खिलाड़ियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास, आत्मविश्वास और समर्पण के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। जसपाल राणा का जीवन इस बात का उदाहरण है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और अनुशासन के साथ सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचा जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि ‘Maverick Jaspal’ पुस्तक पाठकों, विशेषकर युवा खिलाड़ियों को जसपाल राणा के संघर्ष, अनुभवों और उपलब्धियों से परिचित कराएगी। उन्होंने इस महत्वपूर्ण प्रयास के लिए उनके परिवारजनों को शुभकामनाएं भी दीं।
