बाजपुर में भीषण ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान, प्रभावित किसानों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री धामी

बाजपुर, 9 अक्टूबर। उत्तराखंड के बाजपुर क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे हुई भीषण ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा। ओलावृष्टि की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रभावित क्षेत्रों का रुख किया और मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री धामी हल्द्वानी से देहरादून लौट रहे थे। इसी दौरान उन्हें बाजपुर में ओलावृष्टि और फसलों को हुए नुकसान की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने खराब मौसम के बावजूद हेलीकॉप्टर को बाजपुर की ओर ले जाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने सबसे पहले हेलीकॉप्टर से प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया। इसके बाद बाजपुर में उतरकर खेतों का स्थलीय निरीक्षण किया और प्रभावित किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि राज्य सरकार इस कठिन समय में उनके साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

नुकसान का आकलन कर राहत देने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों का विस्तृत सर्वेक्षण जल्द पूरा करने और नुकसान का आकलन प्राथमिकता के आधार पर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि किसानों की समस्याओं के समाधान में किसी तरह की अनावश्यक देरी न हो। नुकसान के आकलन से लेकर राहत उपलब्ध कराने तक की पूरी प्रक्रिया तत्परता और संवेदनशीलता के साथ पूरी की जाए।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार किसानों के साथ खड़ी है। किसानों के हितों की रक्षा करना और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।