देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के तपोवन रोड स्थित क्षत्रिय चेतना मंच में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और लाभार्थियों को कृषि यंत्र, मशरूम मिनीकिट तथा बाल विकास विभाग की महालक्ष्मी और किशोरी किट वितरित कीं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण किया जाए। जिन मामलों के समाधान में अधिक समय लगना जरूरी है, उनके बारे में शिकायतकर्ताओं को स्पष्ट जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि आम लोगों को अपने काम के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य जनसेवा और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के साथ आम जनता की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के पूर्व अभियान ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ के दो चरणों में 6.5 लाख से अधिक लोगों ने भागीदारी की थी। इस अभियान के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों की समस्याओं का समाधान किया गया और पात्र नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि शासन-प्रशासन स्वयं जनता के बीच पहुंचे, उनकी समस्याओं को समझे और उनका समाधान करे। बहुउद्देशीय शिविर केवल विभागीय स्टॉल लगाने तक सीमित नहीं होने चाहिए, बल्कि इनके माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ सीधे मिलना चाहिए।
बुजुर्गों और महिलाओं को स्थानीय स्तर पर मिलें सुविधाएं
सीएम धामी ने कहा कि सरकार जनसेवाओं को सरल, सुलभ और प्रभावी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। लोगों को प्रमाणपत्र, पेंशन, राशन कार्ड, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य सरकारी कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े, यह सुनिश्चित किया जा रहा है।
उन्होंने विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक सरकारी सुविधाएं पहुंचाने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए।
स्वास्थ्य जांच और चिकित्सा परामर्श पर भी जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य सेवाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शिविरों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य जांच और चिकित्सा परामर्श जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि बीमारियों की समय पर पहचान हो और जरूरतमंद लोगों को उचित उपचार मिल सके।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे बहुउद्देशीय शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें।
कार्यक्रम में विधायक उमेश शर्मा काऊ, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
