देहरादून। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में काशीपुर और रुद्रपुर को मिली राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियों पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वच्छता कर्मियों को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों शहरों को मिला सम्मान पूरे उत्तराखण्ड के लिए गौरव का विषय है और यह सामूहिक प्रयासों तथा स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है।
मुख्यमंत्री आवास में काशीपुर के महापौर दीपक बाली, रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा, शहरी विकास विभाग के निदेशक विनोद गोस्वामी, काशीपुर के नगर आयुक्त रवीन्द्र बिष्ट, रुद्रपुर की नगर आयुक्त शिप्रा जोशी और स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के राज्य मिशन प्रबंधक मनोज पांडे ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में दोनों नगर निकायों को मिली उपलब्धियों और इसके लिए किए गए प्रयासों की जानकारी दी। इस दौरान सचिव नितेश झा भी मौजूद रहे।
काशीपुर को प्रदेश में, रुद्रपुर को हिमालयी राज्यों की श्रेणी में पहला स्थान
नई दिल्ली में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत काशीपुर को उत्तराखण्ड में प्रथम स्थान और रुद्रपुर को हिमालयी राज्यों की श्रेणी में प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान शहरी स्वच्छता, स्वच्छता प्रबंधन और नगर निकायों में किए गए उल्लेखनीय सुधारों के लिए प्रदान किया गया।
स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में संचालित स्वच्छ भारत मिशन ने देश में स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप दिया है। उत्तराखण्ड सरकार भी स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर शहरों के निर्माण के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी योजनाओं और व्यवस्थाओं तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी और जीवनशैली का हिस्सा बनाना आवश्यक है। इसके लिए शहरी क्षेत्रों में प्रभावी अपशिष्ट प्रबंधन, कूड़े का वैज्ञानिक निस्तारण, आधुनिक स्वच्छता बुनियादी ढांचे का विकास और सार्वजनिक स्थलों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करनी होगी।
दूसरे नगर निकायों के लिए प्रेरणास्रोत बने काशीपुर और रुद्रपुर
मुख्यमंत्री ने कहा कि काशीपुर और रुद्रपुर की उपलब्धियां प्रदेश के अन्य नगर निकायों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं। राज्य के सभी शहरी स्थानीय निकायों को आपसी समन्वय, नवाचार और बेहतर कार्यप्रणाली के माध्यम से स्वच्छता के मानकों में लगातार सुधार करना चाहिए।
उन्होंने जनभागीदारी को और मजबूत बनाने तथा नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से उत्तराखण्ड के शहर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सतत शहरी विकास के क्षेत्र में देश के लिए आदर्श उदाहरण बनेंगे।
बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने स्वच्छता संबंधी पहलों को मजबूत करने, बुनियादी ढांचे में सुधार और प्रभावी अपशिष्ट प्रबंधन के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी मुख्यमंत्री को दी।
