उत्तराखण्ड में IISER, अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान और राष्ट्रीय राजमार्ग के प्रस्तावों पर केंद्र का सकारात्मक आश्वासन

मुख्यमंत्री धामी ने केंद्र सरकार के समक्ष उठाए थे तीनों महत्वपूर्ण मुद्दे, केंद्रीय मंत्रियों ने पत्र भेजकर प्रस्तावों पर नियमानुसार विचार का दिया भरोसा

देहरादून। उत्तराखण्ड में उच्च शिक्षा, अनुसंधान, आयुर्वेद चिकित्सा और सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों को केंद्र सरकार की ओर से सकारात्मक आश्वासन मिला है। राज्य में भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (IISER), ऊधमसिंह नगर के किच्छा स्थित खुरपिया फार्म में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA) की स्थापना तथा उत्तरकाशी-कमद-अयारखाल-बूढ़ाकेदार-चमियाला-घनसाली-तिलवाड़ा मोटर मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने के प्रस्तावों पर केंद्र सरकार ने नियमानुसार विचार करने का भरोसा दिया है।

मुख्यमंत्री धामी ने इन तीनों प्रस्तावों को लेकर अलग-अलग समय पर केंद्र सरकार से अनुरोध किया था। इसके जवाब में संबंधित केंद्रीय मंत्रियों ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर प्रस्तावों की स्थिति और उन पर आगे की प्रक्रिया से अवगत कराया है।

IISER की स्थापना के प्रस्ताव पर भविष्य में विचार

मुख्यमंत्री ने अक्टूबर 2026 में उत्तराखण्ड में भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (IISER) स्थापित करने का अनुरोध केंद्र सरकार से किया था। केंद्रीय शिक्षा, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने पत्र के माध्यम से आश्वासन दिया है कि भविष्य में केंद्रीय संस्थानों के विस्तार के समय इस प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री ने पत्र में बताया कि वर्तमान में उत्तराखण्ड में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रुड़की, राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) श्रीनगर, हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर और भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) काशीपुर संचालित हैं। केंद्र सरकार राज्य सरकार के साथ मिलकर इन संस्थानों को मजबूत करने और उनका विस्तार करने के लिए प्रयासरत है, ताकि इन्हें राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विकसित किया जा सके।

खुरपिया फार्म में AIIA की स्थापना के प्रस्ताव पर होगी प्रक्रिया के तहत विचार

ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा स्थित खुरपिया फार्म में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA) की स्थापना के लिए मुख्यमंत्री ने अगस्त 2026 में केंद्र सरकार से अनुरोध किया था।

केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने अपने पत्र में बताया कि केंद्रीय वित्त मंत्री ने बजट भाषण-2026 में तीन अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थानों की स्थापना की घोषणा की थी। इसके बाद कैबिनेट सचिवालय की ओर से निर्धारित चुनौती पद्धति के तहत सभी पात्र राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से प्रस्ताव आमंत्रित किए गए थे।

इस प्रक्रिया के तहत उत्तराखण्ड सरकार की ओर से भी प्रस्ताव प्राप्त हुआ है। केंद्रीय मंत्री ने आश्वस्त किया है कि इस प्रस्ताव पर निर्धारित प्रक्रिया और लागू मानदंडों के अनुसार विचार किया जाएगा।

उत्तरकाशी से तिलवाड़ा तक के मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने पर विचार

मुख्यमंत्री धामी ने अगस्त 2026 में उत्तरकाशी-कमद-अयारखाल-बूढ़ाकेदार-चमियाला-घनसाली-तिलवाड़ा मोटर मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने का अनुरोध किया था।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में बताया है कि पिछले 12 वर्षों में उत्तराखण्ड में राष्ट्रीय राजमार्गों की कुल लंबाई 2,282 किलोमीटर से बढ़कर 3,670 किलोमीटर हो गई है। उन्होंने कहा कि नए राष्ट्रीय राजमार्गों की घोषणा से संबंधित नीति को अंतिम रूप दिए जाने के बाद इस मार्ग के प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार का जताया आभार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के हित से जुड़े इन महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सकारात्मक आश्वासन देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इन प्रस्तावों के आगे बढ़ने से उत्तराखण्ड में उच्च शिक्षा और अनुसंधान के नए अवसर विकसित होंगे। साथ ही आयुर्वेद चिकित्सा के क्षेत्र को मजबूती मिलेगी और सड़क अवसंरचना के विस्तार से दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। इससे राज्य के समग्र विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है!