मां के लिए साड़ी खरीदकर मुख्यमंत्री धामी ने दिया आत्मीयता और ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश

खटीमा बाजार में पूज्य माताजी के लिए की साड़ी की खरीदारी, स्थानीय व्यापारियों को प्रोत्साहित करने की अपील

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज खटीमा बाजार में अपनी पूज्य माताजी के लिए साड़ी की खरीदारी की। इस आत्मीय अवसर को साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मां के प्रति प्रेम और उनके लिए अपनी पसंद से कुछ करने का सुख जीवन की सबसे अनमोल अनुभूतियों में से एक है। त्योहारों के उल्लासपूर्ण अवसर पर माताजी के लिए साड़ी खरीदना उनके लिए बेहद सुखद और भावनात्मक अनुभव रहा।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर स्थानीय बाजारों से खरीदारी के महत्व को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान स्थानीय दुकानों और बाजारों से खरीदारी करने से न केवल त्योहारों की खुशियां बढ़ती हैं, बल्कि स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों और उनके परिवारों की आजीविका को भी मजबूती मिलती है। हमारी छोटी-सी खरीदारी भी स्थानीय अर्थव्यवस्था को संबल देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के आह्वान को आत्मसात करने की अपील करते हुए कहा कि सभी लोगों को त्योहारों के अवसर पर स्थानीय बाजारों से खरीदारी को प्राथमिकता देनी चाहिए। साथ ही स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर स्थानीय व्यापार और उद्यमियों को प्रोत्साहित करना चाहिए।

मुख्यमंत्री की इस पहल के माध्यम से जहां मां के प्रति प्रेम और पारिवारिक आत्मीयता का संदेश सामने आया, वहीं स्थानीय बाजारों को बढ़ावा देने और स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करने का आह्वान भी किया गया।