नमामि गंगे और व्यापक सफाई अभियान से बदली मां गंगा की तस्वीर, हरिद्वार में 100 टन से अधिक कचरा साफ

धामी सरकार के प्रयासों से गंगा स्वच्छता अभियान को मिली रफ्तार, सभी 22 नाले टैप; 145 एमएलडी क्षमता के पांच एसटीपी प्लांट कर रहे काम

हरिद्वार। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में मां गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाने के लिए किए जा रहे प्रयास अब धरातल पर दिखाई देने लगे हैं। नमामि गंगे परियोजना के तहत सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के निर्माण, नालों की टैपिंग और व्यापक स्वच्छता अभियानों ने गंगा की स्वच्छता को नई गति दी है। हरिद्वार में गंगा का स्वच्छ जल और घाटों की साफ-सफाई इन प्रयासों की अहम तस्वीर पेश कर रही है।

गंगा को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए राज्य सरकार ने दीर्घकालिक आधारभूत ढांचे के विकास के साथ-साथ नियमित सफाई और जनसहभागिता पर भी विशेष जोर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल में गंगा और उसकी सहायक नदियों के किनारे बसे शहरों में एसटीपी प्लांट के कार्यों को गति दी गई। इसके साथ ही छोटी-बड़ी बस्तियों से होकर गंगा में गिरने वाले नालों को टैप कर उनके पानी को सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण काम किया गया है।

गंगा बंदी के दौरान चला व्यापक सफाई अभियान, 100 टन से अधिक कचरा एकत्र

गंगा की स्वच्छता को लेकर इस बार हरिद्वार में गंगा बंदी के दौरान व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। प्रशासन की अगुवाई में संचालित इस अभियान में विभिन्न सरकारी विभागों, धार्मिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं और व्यापारिक संगठनों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। अभियान के दौरान 100 टन से अधिक कचरा एकत्रित किया गया।

इस दौरान केवल गंगा घाटों और नदी तटों की सफाई तक अभियान सीमित नहीं रहा, बल्कि नदी के किनारों पर वर्षों से जमा प्लास्टिक कचरे, पूजा सामग्री के अवशेषों और नदी में प्रवाहित किए गए कपड़ों को भी हटाया गया। व्यापक सफाई अभियान के बाद जब दीपावली की रात मां गंगा का जल पूरे वेग के साथ हरकी पैड़ी के पवित्र क्षेत्र में लौटा तो तीर्थक्षेत्र में गंगा के निर्मल स्वरूप के दर्शन हुए।

प्रशासन अब गंगा की स्वच्छता को बनाए रखने के लिए तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच लगातार जागरूकता अभियान चला रहा है। इस कार्य में धार्मिक संगठनों, व्यापारियों और आम नागरिकों का सहयोग भी लिया जा रहा है।

सभी 22 नाले टैप, 145 एमएलडी क्षमता के पांच एसटीपी प्लांट संचालित

गंगा को स्वच्छ बनाने के लिए उत्तराखंड पेयजल निगम की ओर से भी महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। निगम गंगा में गिरने वाले सभी 22 नालों को टैप कर उनकी निकासी को एसटीपी प्लांट से जोड़ चुका है। इससे गंगा में सीधे गंदे पानी के प्रवाह को रोकने में मदद मिल रही है।

हरिद्वार में वर्तमान में कुल 145 एमएलडी क्षमता के पांच एसटीपी प्लांट दिन-रात संचालित किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त शिवालिक नगर में एक एसटीपी प्लांट के निर्माण के साथ ही विभिन्न स्थानों पर आठ सीवरेज पंपिंग स्टेशन भी बनाए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से सीवरेज प्रबंधन की व्यवस्था और अधिक मजबूत होने की उम्मीद है।

गंगा की निर्मलता और अविरलता सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मां गंगा हमारी आस्था, संस्कृति और जीवनदायिनी धरोहर हैं। इनकी निर्मलता और अविरलता बनाए रखना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि नमामि गंगे परियोजना के तहत एसटीपी प्लांटों के निर्माण, नालों की टैपिंग और व्यापक स्वच्छता अभियानों से गंगा की स्वच्छता को नई गति मिली है। गंगा बंदी के दौरान जनसहभागिता से चलाया गया सफाई अभियान भी सराहनीय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि मां गंगा की स्वच्छता और पवित्रता बनाए रखने के लिए निरंतर प्रभावी प्रयास जारी रखे जाएं।

आधारभूत ढांचे के साथ जनभागीदारी पर भी जोर

हरिद्वार में गंगा की स्वच्छता के लिए किए जा रहे प्रयासों में एक ओर आधुनिक सीवरेज प्रबंधन व्यवस्था विकसित की जा रही है, वहीं दूसरी ओर जनसहभागिता के माध्यम से घाटों और नदी तटों को स्वच्छ रखने पर जोर दिया जा रहा है। 22 नालों की टैपिंग, पांच एसटीपी प्लांटों का संचालन और गंगा बंदी के दौरान 100 टन से अधिक कचरे की सफाई इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

सरकार का लक्ष्य केवल गंगा को साफ करना ही नहीं, बल्कि भविष्य में भी उसकी स्वच्छता और पवित्रता को बनाए रखने के लिए स्थायी व्यवस्था विकसित करना है।