‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना-2026’: उत्तराखंड के छात्रों को मिलेगी प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ़्त ऑनलाइन कोचिंग

देहरादून: उत्तराखंड के दूरदराज और पर्वतीय क्षेत्रों में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए धामी सरकार एक बड़ी सौगात लाने जा रही है। ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना-2026’ के तहत राज्य के विद्यार्थियों को घर बैठे ही देश की प्रतिष्ठित परीक्षाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण मुफ़्त ऑनलाइन कोचिंग और स्टडी मटीरियल उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस योजना को हरी झंडी दे चुके हैं और जल्द ही इसका आधिकारिक उद्घाटन किया जाएगा।

किन-किन परीक्षाओं की मिलेगी मुफ़्त ऑनलाइन कोचिंग?

यह योजना राज्य के सरकारी, सहायता प्राप्त कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में पढ़ रहे छात्रों के लिए शुरू की जा रही है:
  • प्रशासनिक व रक्षा सेवाएं: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), राज्य PSC और संयुक्त रक्षा सेवा (CDS)।
  • अन्य भर्ती परीक्षाएं: बैंकिंग, रेलवे और कर्मचारी चयन आयोग (SSC)।
  • उच्च शिक्षा व पात्रता परीक्षाएं: CAT, MAT, GATE, NET और CSIR-NET जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश व पात्रता परीक्षाएं।

पहाड़ी व आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को मिलेगा बड़ा फायदा

अक्सर आर्थिक तंगी या भौगोलिक दूरी के कारण पर्वतीय और दूरदराज क्षेत्रों के युवा बड़े शहरों में जाकर महंगी कोचिंग का खर्च नहीं उठा पाते। इस योजना के जरिए ऐसे सभी विद्यार्थियों को घर बैठे ही विशेषज्ञों का मार्गदर्शन और बेहतर अध्ययन सामग्री मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री द्वारा तिथि तय किए जाने के बाद योजना का औपचारिक शुभारंभ होगा, जिसके साथ ही छात्रों के लिए ऑनलाइन कोचिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *