देहरादून | मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चम्पावत निवासी स्वर्गीय सोमेंद्र सिंह बोहरा के पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस भावुक मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और सरकार की ओर से ₹10 लाख की आर्थिक सहायता राशि का चेक स्वर्गीय सोमेंद्र के पिता श्री गोपाल सिंह बोहरा को सौंपा।
पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने सोमेंद्र के पिता और अन्य परिजनों को आश्वस्त किया कि भविष्य में भी परिवार को हर संभव सहयोग और सहायता प्रदान की जाएगी।
18 अप्रैल को हुआ था असामायिक निधन
उल्लेखनीय है कि इसी वर्ष 18 अप्रैल 2026 को एक दर्दनाक हादसे में सोमेंद्र सिंह बोहरा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। अस्पताल में उपचार के दौरान उनका असामायिक निधन हो गया था। इस युवा की मृत्यु से चम्पावत क्षेत्र और उनके परिवार में गहरा शोक व्याप्त था, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने स्वयं संज्ञान लेते हुए पीड़ित परिवार की आर्थिक और मानसिक संबल प्रदान करने का निर्णय लिया।
मुख्यमंत्री का संदेश: “दुख की इस घड़ी में हमारी संवेदनाएं पूरी तरह से शोक संतप्त परिवार के साथ हैं। सोमेंद्र का असमय जाना अत्यंत दुखद है, और सरकार पीड़ित परिवार की हर संभव मदद के लिए प्रतिबद्ध है।”
