गोंडा में सीएम योगी की भव्य जनसभा: ‘जय श्री राम’ और ‘बुलडोजर बाबा’ के जयघोष से गूंजा पंडाल

गोंडा, 6 मई: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को बलरामपुर में मां पाटेश्वरी का दर्शन-पूजन करने के बाद गोंडा के चकरौत स्थित सभास्थल पहुंचे। कटरा और करनैलगंज विधानसभा के बॉर्डर पर आयोजित इस विशाल जनसभा में भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जनता और कार्यकर्ताओं में इस कदर उत्साह था कि सुबह 10 बजे के प्रस्तावित कार्यक्रम के लिए लोग सुबह 7 बजे से ही पंडाल में जुटना शुरू हो गए थे। देखते ही देखते पूरा पंडाल भगवा रंग में रंग गया और जनसभा शुरू होने से पहले ही खचाखच भर गया।

मंच पर गदा और श्री राम की प्रतिमा से हुआ स्वागत

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंच पर पहुंचते ही वहां मौजूद जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने करतल ध्वनि के साथ उनका भव्य स्वागत किया। नेताओं ने मुख्यमंत्री को भगवान श्री राम की भव्य प्रतिमा और शक्ति व शौर्य का प्रतीक ‘गदा’ भेंट की। इसके साथ ही जिला प्रशासन की ओर से उन्हें मां शक्ति की प्रतिमा भी उपहार स्वरूप दी गई। इस दौरान पूरे आयोजन स्थल पर अद्भुत उत्साह और उमंग का माहौल देखा गया।

‘बुलडोजर बाबा’ के नारे से गूंजा पंडाल

स्वागत भाषण के दौरान कैसरगंज लोकसभा सीट से सांसद करन भूषण सिंह ने जैसे ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को “बुलडोजर बाबा”कहकर संबोधित किया, वैसे ही पूरा पंडाल ‘जय श्री राम’ और ‘बुलडोजर बाबा की जय’ के गगनभेदी नारों से गूंज उठा।

जनता के इस अपार स्नेह को देखकर मुख्यमंत्री ने भी अपने संबोधन की शुरुआत में गोंडा की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा:

“गोंडा एक बेहद ऊर्जावान जनपद है। यहां के युवा ऊर्जा से लबरेज हैं, यहां का अन्नदाता किसान अत्यंत परिश्रमी है और हमारी बहनें व बेटियां अद्भुत रूप से प्रतिभाशाली हैं।”

मुख्यमंत्री के इन शब्दों पर पंडाल में मौजूद हजारों कार्यकर्ताओं ने खड़े होकर और भाजपा के झंडे लहराकर उनका अभिवादन किया।

जनता ने सराहा सीएम योगी का विकास मॉडल

जनसभा में आए लोग कुर्सियों पर खड़े होकर मुख्यमंत्री का भाषण सुनते और उनकी तस्वीरें अपने कैमरों में कैद करते नजर आए। कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे स्थानीय युवाओं और नागरिकों ने सरकार की नीतियों और कानून-व्यवस्था की खुलकर तारीफ की:

  • आशीष मिश्रा (कटरा निवासी): “मैं सुबह 7 बजे ही यहां आ गया था ताकि मुख्यमंत्री जी को बिल्कुल करीब से देख और सुन सकूं।”

  • मनीष और शिवम: “बुलडोजर बाबा के राज में जितनी तेजी से अपराधियों पर बुलडोजर चलता है, उससे कहीं ज्यादा तेज गति से प्रदेश में विकास का पहिया भी घूम रहा है।”

  • आलोक मिश्रा (करनैलगंज निवासी): “मुख्यमंत्री जी का यह कहना बिल्कुल सही है कि जनता को अच्छे और ईमानदार जनप्रतिनिधि चुनने चाहिए, क्योंकि सही जनप्रतिनिधि ही क्षेत्र का सही और तेज विकास सुनिश्चित कर सकता है।”

इस रैली के जरिए भाजपा ने क्षेत्र में अपनी मजबूत पकड़ का अहसास कराया। रैली की समाप्ति तक पंडाल में उत्साह का माहौल बना रहा और स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री के विकास और सुशासन के मॉडल के प्रति अपनी पूर्ण सहमति जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *