डीके शिवकुमार चुने गए कर्नाटक कांग्रेस विधायक दल के नेता, 3 जून को लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ

बेंगलुरु, 30 मई। कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन की औपचारिक प्रक्रिया के बीच एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार को शनिवार को सर्वसम्मति से कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) का नेता चुन लिया गया है। इस महत्वपूर्ण बैठक में उनके नाम का प्रस्ताव खुद वर्तमान मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने रखा, जिसका वरिष्ठ कांग्रेस नेता जी. परमेश्वर ने पुरजोर समर्थन किया। सीएलपी की बैठक में मुहर लगने के साथ ही अब डीके शिवकुमार के कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री बनने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। कांग्रेस नेतृत्व के पूर्व निर्णय के अनुसार, वह आगामी 3 जून को मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करेंगे।

सिद्दारमैया के कार्यकाल और योगदान के प्रति जताया विशेष आभार

विधायक दल की बैठक के दौरान पार्टी ने निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्दारमैया के प्रति एक विशेष प्रस्ताव पारित कर उनके प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। कांग्रेस पार्टी ने कहा कि कर्नाटक की जनता और तमाम कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के रूप में उनके दोनों कार्यकालों (वर्ष 2013 से 2018 और 2023 से 2026 तक) को हमेशा गर्व और सम्मान के साथ याद रखेंगे। इसके साथ ही सदन में विपक्ष के नेता के रूप में दी गई उनकी उत्कृष्ट सेवाओं को भी सराहा गया। प्रस्ताव में विशेष रूप से रेखांकित किया गया कि सामाजिक न्याय के प्रति सिद्दारमैया की प्रतिबद्धता, उनका प्रशासनिक कौशल, कांग्रेस की विचारधारा के प्रति समर्पण और केंद्रीय नेतृत्व में अटूट आस्था हर कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।

सिद्धारमैया के अनुभव के साथ आगे बढ़ेगा विकास का मिशन

कांग्रेस विधायक दल ने विश्वास व्यक्त किया कि नई सरकार आगे भी इन्हीं लोकतांत्रिक मूल्यों और आदर्शों के मार्गदर्शन में काम करती रहेगी। पार्टी ने उम्मीद जताई है कि सिद्दारमैया भविष्य में भी सरकार और संगठन को अपना मूल्यवान मार्गदर्शन देते रहेंगे। प्रस्ताव में संकल्प लिया गया कि कांग्रेस सरकार कर्नाटक के लोगों की सेवा, सभी क्षेत्रों में परिवर्तनकारी विकास लाने और कन्नड़वासियों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के अपने मिशन को सिद्दारमैया के लंबे राजनीतिक अनुभव के सहयोग से और तेजी से आगे बढ़ाएगी।

3 जून को होगा सादगीपूर्ण शपथ ग्रहण समारोह

डीके शिवकुमार का मुख्यमंत्री चुना जाना पहले से ही तय माना जा रहा था। विधायक दल की इस औपचारिक बैठक से पहले पार्टी कार्यालय में एक संयुक्त आपात प्रेस वार्ता आयोजित की गई थी। इस वार्ता में केपीसीसी के कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद जी. सी. चंद्रशेखर ने स्पष्ट कर दिया था कि 3 जून को डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उन्होंने यह भी साझा किया कि पार्टी ने इस पूरे शपथ ग्रहण समारोह को बेहद सादगीपूर्ण रखने का निर्णय लिया है, ताकि आयोजन के कारण आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा या यातायात की समस्या का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *