देहरादून। फेम इंडिया मैगजीन और एशिया पोस्ट की ओर से जारी ‘सर्वश्रेष्ठ मुख्यमंत्री 2026’ सर्वे में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 881 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने 874 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया है।

सर्वे के नतीजों में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का दूसरे स्थान पर रहना उत्तराखंड के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। जारी आंकड़ों के अनुसार, योगी आदित्यनाथ को 1000 में से 897 अंक मिले, जबकि धामी को 881 अंक प्राप्त हुए। दोनों के बीच महज 16 अंकों का अंतर रहा।
टॉप-5 में इन मुख्यमंत्रियों ने बनाई जगह
सर्वेक्षण में शीर्ष पांच स्थानों पर रहने वाले मुख्यमंत्रियों की सूची में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, असम, पंजाब और झारखंड के मुख्यमंत्री शामिल हैं।
- योगी आदित्यनाथ (उत्तर प्रदेश) – 897 अंक
- पुष्कर सिंह धामी (उत्तराखंड) – 881 अंक
- हिमंत बिस्वा सरमा (असम) – 874 अंक
- भगवंत मान (पंजाब) – 856 अंक
- हेमंत सोरेन (झारखंड) – 844 अंक
सर्वे में कुल 15 मुख्यमंत्रियों को स्थान दिया गया है। पहले 10 स्थान प्राप्त करने वाले मुख्यमंत्रियों को ‘सर्वश्रेष्ठ मुख्यमंत्री’ श्रेणी में शामिल किया गया, जबकि 11वें से 15वें स्थान तक रहने वाले पांच मुख्यमंत्रियों को विशेष श्रेणी ‘मुख्यमंत्री पंचरत्न’ में चुना गया।
तीन चरणों में तैयार किए गए सर्वे के नतीजे
फेम इंडिया मैगजीन ने एशिया पोस्ट के सहयोग से यह सर्वेक्षण कराया। बताया गया है कि इसकी प्रक्रिया करीब तीन से चार महीने तक चली और मुख्यमंत्रियों के कामकाज तथा जनधारणा को समझने के लिए तीन चरणों में जानकारी जुटाई गई।
पहले चरण में सोशल मीडिया और विभिन्न मीडिया प्लेटफॉर्म पर मुख्यमंत्रियों को लेकर प्रकाशित खबरों, चर्चाओं और लोगों की प्रतिक्रियाओं का विश्लेषण किया गया। दूसरे चरण में अलग-अलग क्षेत्रों के विशेषज्ञों और विशिष्ट लोगों की राय ली गई। तीसरे चरण में आम नागरिकों से सीधे बातचीत कर उनके अनुभव और विचार जाने गए।
10 मानकों पर हुआ मूल्यांकन
सर्वेक्षण में तीनों चरणों से प्राप्त जानकारियों के आधार पर मुख्यमंत्रियों का 10 अलग-अलग मानकों पर मूल्यांकन किया गया। प्रत्येक मानक के लिए निर्धारित अंकों को जोड़कर 1000 में से कुल स्कोर तैयार किया गया। इसी स्कोर के आधार पर अंतिम रैंकिंग जारी की गई।
इस सर्वे में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का 881 अंकों के साथ देश में दूसरा स्थान हासिल करना उत्तराखंड की राजनीति और प्रदेश सरकार के लिए चर्चा का विषय बन गया है।
