हल्द्वानी -यहाँ दर्दनाक सड़क हादसे में 2 युवको की मौत

हल्द्वानी से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। गुरुवार सुबह गौलापार क्षेत्र के कुंवरपुर बागजाला के पास तेज रफ्तार बाइक और गैस सिलेंडर से भरी पिकअप वैन की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। हादसा ओवरटेक के प्रयास के दौरान हुआ, जब बाइक सवार अनियंत्रित होकर पिकअप की चपेट में आ गए।पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान 20 वर्षीय सुभान अंसारी, पुत्र रईस अहमद, निवासी बहेड़ी और 25 वर्षीय फिरोज, निवासी गिरधरपुर, बहेड़ी (बरेली) के रूप में हुई है। दोनों युवक हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में किराये पर रहकर मजदूरी करते थे।गुरुवार सुबह दोनों बाइक से गौलापार की ओर जा रहे थे। कुंवरपुर बागजाला के पास ओवरटेक के दौरान उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रही सिलेंडर लदी पिकअप से सीधा टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और पिकअप उनके ऊपर से गुजर गई। सुभान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि फिरोज को गंभीर हालत में सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।हादसे की सूचना पर काठगोदाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया। काठगोदाम एसओ पंकज जोशी के अनुसार, पिकअप वाहन के चालक और क्लीनर को हिरासत में ले लिया गया है। अभी किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *