कर्नाटक की राजनीति से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। मुख्यमंत्री पद से सिद्दारमैया के इस्तीफे के बाद उपजे राजनीतिक घटनाक्रमों के बीच आज यानी शनिवार (30 मई) को बेंगलुरु में कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। यह बैठक नए विधायक दल के नेता का चुनाव करने के लिए बुलाई गई है, जो राज्य के अगले मुख्यमंत्री के रूप में कमान संभालेंगे। इस हाई-प्रोफाइल बैठक की अध्यक्षता खुद निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्दारमैया करेंगे।
शाम 4 बजे विधान सौध में जुटेगा पूरा कुनबा
पार्टी की ओर से दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, कांग्रेस विधायक दल की यह बैठक शाम 4 बजे विधान सौध के कॉन्फ्रेंस हॉल में शुरू होगी। कांग्रेस विधायक दल के सचिव और विधायक अल्लामप्रभु पाटिल ने बताया कि पार्टी के सभी विधानसभा सदस्यों (एमएलए), विधान परिषद सदस्यों (एमएलसी), लोकसभा और राज्यसभा सांसदों को इस बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के अध्यक्ष डी.के. शिवकुमार, एआईसीसी महासचिव व कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला सहित पार्टी के तमाम कार्यकारी अध्यक्ष भी मौजूद रहेंगे।
दिल्ली में सिद्दारमैया और राहुल-खड़गे के बीच मैराथन मंथन
इस बड़े राजनीतिक बदलाव की पटकथा दिल्ली में ही लिखी जा चुकी थी। निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने दिल्ली में कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी, एआईसीसी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल के साथ लंबी मैराथन बैठकें कीं। इन मुलाकातों के बाद सिद्दारमैया दिल्ली से बेंगलुरु के लिए रवाना हो चुके हैं। दिल्ली से निकलने से पहले सिद्दारमैया, डी.के. शिवकुमार, एमएलसी यतींद्र सिद्दारमैया और पूर्व मंत्री के.एच. मुनियप्पा ने एक साथ दोपहर का भोजन भी किया, जिसे एकजुटता दिखाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
डी.के. शिवकुमार अगले दो दिनों में ले सकते हैं मुख्यमंत्री पद की शपथ
इस बीच कर्नाटक सरकार के वरिष्ठ मंत्री एच.के. पाटिल ने एक बड़ा दावा करते हुए साफ कर दिया है कि प्रदेश के नए मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ही होंगे। उन्होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि दिल्ली में आलाकमान के साथ हुई बातचीत के बाद सिद्दारमैया को पद से इस्तीफा देने की सलाह दी गई थी और यह पूरी तरह तय हो चुका है कि शिवकुमार राज्य के अगले मुख्यमंत्री बनेंगे। मंत्री पाटिल के अनुसार, डी.के. शिवकुमार का नाम पहले ही तय किया जा चुका है और वे संभवतः अगले दो दिनों के भीतर कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ले सकते हैं।
