अब एक क्लिक पर घर आएंगे BLO: निर्वाचन आयोग ने शुरू की ‘बुक ए कॉल’ सुविधा, मतदाता सूची के शुद्धिकरण के लिए चला डोर-टू-डोर अभियान

Dehradun: अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम के मार्गदर्शन में ‘प्री-एसआईआर’ फेज में 85% से अधिक मैपिंग का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। शेष लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए अप्रैल माह से प्रदेश भर में सघन डोर-टू-डोर अभियान चलाया जाएगा, जिसमें कम मैपिंग वाले बूथों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

ASD सूची के माध्यम से मतदाता सूची का शुद्धिकरण

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में मतदाता सूची की सटीकता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक बूथ पर एब्सेंट (Absent), शिफ्टेड (Shifted) और डेथ (Death) यानी ASD सूची तैयार की जा रही है। इस प्रक्रिया का उद्देश्य उन मतदाताओं के नाम हटाना है जो अब उस क्षेत्र में नहीं रहते या जिनका निधन हो चुका है, ताकि एक पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सके।

“बुक ए कॉल विद बीएलओ”: मतदाताओं के लिए नई सुविधा

निर्वाचन आयोग ने डिजिटल तकनीक का उपयोग करते हुए मतदाताओं के लिए “बुक ए कॉल विद बीएलओ” (Book a Call with BLO)फीचर लॉन्च किया है। इसके माध्यम से मतदाता अब मात्र एक क्लिक पर अपने बूथ लेवल अधिकारी के साथ अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं। इसके लिए मतदाता voters.eci.gov.in पोर्टल या ECI-NET मोबाइल ऐप का उपयोग कर सकते हैं। कॉल बुक होने के दो दिनों के भीतर बीएलओ स्वयं मतदाता से संपर्क कर उनकी समस्याओं या जिज्ञासाओं का समाधान करेंगे।

राजनैतिक दलों से बीएलए (BLA) की नियुक्ति का आह्वान

डॉ. जोगदंडे ने सभी राजनैतिक दलों से शत-प्रतिशत बूथ लेवल एजेंट्स (BLA) नियुक्त करने की अपील की है। वर्तमान आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के 11,733 पोलिंग बूथों के सापेक्ष अब तक केवल 19,116 बीएलए ही नियुक्त किए गए हैं।

  • भारतीय जनता पार्टी: 9,276 बीएलए

  • कांग्रेस: 9,506 बीएलए

  • सीपीएम: 217 बीएलए

  • बीएसपी: 117 बीएलए

अधिकारी ने जोर दिया कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और मजबूती के लिए सभी बूथों पर एजेंटों की उपस्थिति अनिवार्य है। इस प्रेस वार्ता में उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री किशन सिंह नेगी और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री मस्तू दास भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *