UKSSSC Paper Leak Case: पेपर लीक मामले में SIT करेगी जांच, हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज करेंगे निगरानी, एक महीने में सौंपेगी रिपोर्ट

UKSSSC Paper Leak Case: UKSSSC पेपर लीक मामले की जांच अब एसआईटी करेगी, जिसकी अगुवाई हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज करेंगे. वायरल हुए पेपर, मिसिंग मोबाइल और OMR शीट की जांच से साफ होगा कि आरोपी खालिद ने नकल की या पेपर कहीं और लीक हुआ. पुलिस ने मुख्य आरोपी को जेल भेज दिया है और जनता से भी सबूत साझा करने की अपील की है.

देहरादून: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा का हाल ही में पेपर लीक होने का मामला सामने आया था. अब इस मामले की जांच के लिए धामी सरकार ने एसआईटी (SIT) का गठन कर दिया है. इतना ही नहीं, सरकार ने एसआईटी को जांच के लिए एक महीने का वक्त दिया है.

UKSSS पेपर लीक मामले में SIT करेगी जांच,हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज करेंगे निगरानी

एसआईटी अपनी जांच के एक महीने बाद सरकार को रिपोर्ट सौंपगी. यह जांच हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में होगी. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अब इस मामले की सच्चाई केवल मिसिंग मोबाइल और OMR शीट के मिलान के बाद ही सामने आएगी, जिससे पता चलेगा कि आरोपी खालिद ने नकल की थी या पेपर किसी और तक पहुंचा था.

देहरादून पुलिस ने इस पूरे मामले का खुलासा एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया. एसआईटी की इंचार्ज एसपी जया बलूनी ने बताया कि मुख्य आरोपी खालिद को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है. इसके अलावा, आरोपी साबिया की गिरफ्तारी भी हो चुकी है. हालांकि, साबिया द्वारा दी गई कुछ जानकारियां पुलिस को अभी तक संदिग्ध लगी हैं.

जांच में सामने आया है कि भर्ती परीक्षा से एक दिन पहले यानी 20 तारीख को खालिद ने परीक्षा केंद्र की बाउंड्री क्रॉस कर एक मोबाइल फोन छुपा दिया था. अगले दिन, 21 तारीख को परीक्षा के दौरान खालिद ने पेपर की तीन फोटो खींचकर साबिया को भेजीं. ये फोटो असिस्टेंट प्रोफेसर सुमन तक पहुंची. इसके बाद साबिया ने जवाब तैयार कर खालिद के उसी मोबाइल नंबर पर भेजे, जिससे पेपर के फोटो आए थे.

लेकिन, खालिद को नकल करने का दूसरा मौका नहीं मिला, इसलिए वह नकल नहीं कर पाया। पुलिस का ऐसा दावा है कि पेपर केवल खालिद के पास ही था और नकल पूरी तरह असफल रही. हालांकि, पुलिस ने यह भी कहा है कि पूरे मामले की सच्चाई तभी पूरी तरह साफ होगी जब मिसिंग मोबाइल और OMR शीट की जांच पूरी हो जाएगी.

विवादों के घेरे में है परीक्षा
पुलिस जल्द ही एक नंबर और ईमेल आईडी भी जारी करेगी, जहां लोग मामले से जुड़े किसी भी तथ्य को साझा कर सकते हैं. बता दें, 21 सितंबर रविवार को आयोजित भर्ती परीक्षा के दौरान पेपर शुरू होने के मात्र 35 मिनट बाद ही उसका हिस्सा सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था. इस घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया था.