पहाड़ में उड़ान: देहरादून से पिथौरागढ़ अब मात्र एक घंटे में, सीएम धामी ने किया 42-सीटर विमान सेवा का आगाज़

देहरादून: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर पिथौरागढ़ के लिए नियमित विमान सेवा का शुभारंभ कर सीमांत वासियों को बड़ी सौगात दी। अब पिथौरागढ़ से देहरादून का घंटों का सफर महज 60 मिनट में पूरा होगा। मुख्यमंत्री ने इस सेवा को सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए इसे प्रदेश की ‘जीवन रेखा’ करार दिया।

हवाई चप्पल वाला भी करेगा हवाई यात्रा: मोदी विजन का असर

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन की सराहना करते हुए कहा कि एक समय हवाई यात्रा संपन्न वर्ग तक सीमित थी, लेकिन आज UDAN (उड़े देश का आम नागरिक) योजना ने इसे आम आदमी की पहुंच में ला दिया है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने ‘उड़ान 2.0’ को मंजूरी दी है, जिसके तहत अगले 10 वर्षों में 29 हजार करोड़ रुपये की लागत से 100 नए हवाई अड्डे और 200 हेलीपैड विकसित किए जाएंगे।

उत्तराखंड एयर कनेक्टिविटी: आंकड़ों में बड़ी छलांग

मुख्यमंत्री ने पिछले चार वर्षों में विमानन क्षेत्र में हुई प्रगति का ब्यौरा देते हुए बताया कि राज्य में कनेक्टिविटी का जाल बिछ चुका है:

  • हेलिपोर्ट्स: 2 से बढ़कर अब 12 हो गए हैं।

  • हेलीपैड: 60 से बढ़कर संख्या 118 तक पहुँच गई है।

  • हवाई मार्ग: वर्तमान में उड़ान योजना के तहत 26 हवाई मार्गों का सफल संचालन हो रहा है। इन उपलब्धियों के कारण उत्तराखंड को “बेस्ट स्टेट फॉर प्रमोशन ऑफ एविएशन इकोसिस्टम” का राष्ट्रीय सम्मान भी मिल चुका है।

नैनी सैनी हवाई अड्डे का कायाकल्प और ₹450 करोड़ का निवेश

सीमांत क्षेत्र के विकास पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिथौरागढ़ हवाई अड्डे को 450 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक बनाया जा रहा है। हाल ही में राज्य स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री की उपस्थिति में नैनी सैनी हवाई अड्डे के अधिग्रहण के लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) और राज्य सरकार के बीच MOU साइन हुआ है, जिससे भविष्य में इस क्षेत्र को और भी अधिक तकनीकी और आर्थिक लाभ मिलेंगे।

पिथौरागढ़ की अर्थव्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को मिलेगी मजबूती

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिथौरागढ़ और मुनस्यारी के बीच हेली सेवा शुरू होने और अब देहरादून के लिए विमान सेवा से स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन को नई गति मिलेगी। दुर्गम क्षेत्रों में यह सेवा मात्र परिवहन नहीं बल्कि आपातकाल में मरीजों को बड़े अस्पतालों तक पहुँचाने के लिए एक संजीवनी का कार्य करेगी।

गरिमामयी उपस्थिति और केंद्रीय सहयोग

समारोह के दौरान केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री किंजरापु राममोहन नायडू ने वीडियो संदेश के माध्यम से शुभकामनाएं प्रेषित कीं। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री खजान दास, श्री भरत चौधरी, विधायक श्री बृजभूषण गैरोला, उकाडा के सीईओ डॉ. आशीष चौहान सहित शासन और एलाइंस एयर के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।