उत्तराखंड को मिली एक और बड़ी रेल सौगात
उत्तराखंड के रेल यात्रियों और पर्यटकों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को वर्चुअल माध्यम से रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस रेल सेवा का संयुक्त रूप से फ्लैग ऑफ कर नियमित संचालन का शुभारंभ किया। यह नई ट्रेन उत्तराखंड के दो प्रमुख मंडलों यानी कुमाऊं और गढ़वाल को आपस में जोड़ने का एक बड़ा माध्यम बनेगी। शुरुआत में यह ट्रेन सप्ताह में दो बार चलेगी, लेकिन रेल मंत्री ने आश्वासन दिया है कि यात्रियों की संख्या बढ़ने पर इसका संचालन प्रतिदिन कर दिया जाएगा।
इन प्रमुख शहरों और स्टेशनों को जोड़ेगी यह एक्सप्रेस
यह एक्सप्रेस ट्रेन उत्तराखंड के साथ-साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के एक बड़े हिस्से को भी सुगम रेल कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। यह ट्रेन रामनगर से चलकर काशीपुर, रोशनपुर, पिपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार होते हुए देहरादून पहुंचेगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल एक नई ट्रेन नहीं है, बल्कि कुमाऊं और गढ़वाल मंडलों के बीच विकास, संपर्क और अवसरों की नई जीवनरेखा सिद्ध होगी, जिससे यात्रियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, कर्मचारियों तथा पर्यटकों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।
राज्य में रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर का अभूतपूर्व विस्तार
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर का काम रिकॉर्ड गति से चल रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2026-27 में प्रदेश को रेलवे अवसंरचना विकास के लिए रिकॉर्ड 4,769 करोड़ रुपये का रेल बजट प्राप्त हुआ है और वर्तमान में राज्य में लगभग 39 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न रेलवे परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इसके साथ ही राज्य की महत्वाकांक्षी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना अब अपने अंतिम चरण में है, जो सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति देगी। वहीं केंद्रीय रेल मंत्री के अनुसार, उत्तराखंड के 11 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण भी किया जा रहा है।
पिछले कुछ वर्षों में कनेक्टिविटी को मिला नया पंख
रेल मंत्रालय द्वारा पिछले कुछ वर्षों में उत्तराखंड से देश के विभिन्न हिस्सों को जोड़ने के लिए कई नई और विस्तारित ट्रेनें शुरू की गई हैं। इनमें देहरादून से आनंद विहार और लखनऊ के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस, योग नगरी ऋषिकेश से प्रयागराज, मालदा टाउन व बेंगलुरु के लिए एक्सप्रेस ट्रेनें, और देहरादून से बनारस व सुभेदारगंज की सेवाएं शामिल हैं। इसके अलावा हरिद्वार से गोरखपुर व अमृतसर, टनकपुर से दिल्ली व नांदेड़, लालकुआँ से राजकोट, कोलकाता व किशनगंज, तथा काठगोदाम से जैसलमेर व मुंबई के लिए भी ट्रेन सेवाएं शुरू या विस्तारित की गई हैं, जिनमें अब रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस भी शामिल हो गई है। इस ऐतिहासिक फ्लैग ऑफ कार्यक्रम के दौरान वर्चुअल माध्यम से हरिद्वार सांसद श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, गढ़वाल सांसद श्री अनिल बलूनी, विधायक श्री दीवान सिंह बिष्ट, श्री अरविंद पांडे और रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
