हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में डॉ. पृथ्वी सिंह विकसित डिग्री कॉलेज, धनौरी में आयोजित ‘समरसता संकल्प यात्रा’ में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए संत रविदास जी के विचारों, आदर्शों और सामाजिक समरसता के संदेश को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास जी महाराज ने समाज को समानता, भाईचारे और समरसता का मार्ग दिखाया। उनकी विचारधारा हमें ऐसा समाज बनाने की प्रेरणा देती है, जहां जाति, पंथ और वर्ग के आधार पर किसी के साथ भेदभाव न हो। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता केवल भाषणों और नारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि हमारे व्यवहार और कार्यों में भी दिखाई देनी चाहिए।
यूसीसी से सभी नागरिकों के लिए समान कानून की व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास जी की समरसता की सोच को धरातल पर उतारने की दिशा में उत्तराखण्ड देश का पहला राज्य बना, जहां समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की गई। इसके तहत प्रदेश में रहने वाले सभी नागरिकों के लिए समान कानून की व्यवस्था की गई है। जाति, पंथ या वर्ग चाहे कोई भी हो, कानून की नजर में सभी समान हैं।
छह वर्षों में अनुसूचित जाति उपयोजना के तहत ₹239 करोड़ जारी
मुख्यमंत्री ने अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों के विकास और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि अनुसूचित जाति उपयोजना एवं ट्राइबल सब प्लान के अंतर्गत पिछले छह वित्तीय वर्षों में लगभग ₹239 करोड़ जारी किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थियों को आर्थिक कठिनाइयों के कारण पढ़ाई बीच में न छोड़नी पड़े, इसके लिए पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पिछले तीन वित्तीय वर्षों में इन योजनाओं के माध्यम से एक लाख से अधिक विद्यार्थियों को लगभग ₹114 करोड़ की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है।
आदर्श ग्राम और छात्रावासों के निर्माण पर जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के माध्यम से अनुसूचित जाति बहुल गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विकास कर उन्हें आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जा रहा है। वहीं, बाबू जगजीवन राम छात्रावास योजना के अंतर्गत देहरादून, अल्मोड़ा और नैनीताल में छात्रावासों का निर्माण कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना भी संचालित कर रही है। इसके तहत पति-पत्नी में से एक के अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित होने पर दंपत्ति को ₹50 हजार की आर्थिक सहायता दी जाती है। पिछले तीन वर्षों में 209 दंपत्तियों को एक करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि प्रदान की गई है।
बेटियों के विवाह के लिए ₹50 हजार की सहायता
मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक कठिनाइयां बाधा न बनें, इसके लिए शादी अनुदान योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत पात्र अनुसूचित जाति परिवारों की अधिकतम दो बेटियों के विवाह के लिए प्रति बेटी ₹50 हजार की आर्थिक सहायता सीधे उपलब्ध कराई जा रही है।
स्वच्छकार भाई-बहनों की सुरक्षा और सम्मान पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छकार भाई-बहनों की सुरक्षा, गरिमा और सम्मानजनक रोजगार सुनिश्चित करने के लिए नमस्ते योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के माध्यम से उन्हें असुरक्षित सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई के कार्यों से मुक्त करने के साथ स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार संत रविदास जी महाराज के बताए मार्ग पर चलते हुए समाज के सभी वर्गों को जोड़ने और ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है।
संतों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में महानिर्वाणी अखाड़े के श्रीमहंत रवींद्र पुरी महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरि महाराज, बाबा हठयोगी महाराज, स्वामी प्रबोधनंद गिरी महाराज, महंत अरुणदास जी महाराज, पूर्व मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, कैबिनेट मंत्री खजान दास एवं प्रदीप बत्रा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी, रुड़की की मेयर अनीता अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा दायित्वधारी देशराज कर्णवाल एवं श्यामवीर सैनी, लाल सिंह आर्य, भोला सिंह, गजेंद्र यादव, आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।
