देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्यसेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
जनता मिलन कार्यक्रम में लोगों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, भूमि संबंधी प्रकरणों, आर्थिक सहायता, पेंशन और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक समस्या पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
जनसमस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : धामी
मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनका यथाशीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि अधिकारी जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और तत्परता के साथ काम करें। आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसके लिए अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए और शिकायतों के निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित हो।
दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों की समस्याओं पर विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि समयबद्ध और प्रभावी तरीके से होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले लोगों की समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि पात्र व्यक्तियों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे और किसी भी जरूरतमंद को सरकारी सहायता प्राप्त करने में अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
‘धन्य धन्य धामी जी’ गीत और पोस्टर का किया विमोचन
जनता से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘धन्य धन्य धामी जी’ गीत एवं पोस्टर का भी विमोचन किया। इस गीत को निर्मल अनुरागी और अंजलि अनुरागी ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसका संगीत निर्देशन रणजीत सिंह ने किया है। कार्यक्रम में जनसमस्याओं के समाधान के साथ गीत एवं पोस्टर का विमोचन भी आकर्षण का केंद्र रहा।
