मंगलौर (हरिद्वार)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद हरिद्वार के मंगलौर में आयोजित जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कॉलेज के नवनिर्माण से लेकर गंगनहर पर वर्षों से बंद पड़े पुल के निर्माण तक छह विकास कार्यों की घोषणा की। उन्होंने किसानों की गन्ना मूल्य वृद्धि की मांग पर भी जल्द निर्णय लेने का भरोसा दिया।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कॉलेज का नवनिर्माण कराया जाएगा। नारसन खुर्द में नाले की सफाई और पक्के नाले का निर्माण होगा। इसके साथ ही लिब्बरहेड़ी में गंगनहर पर वर्षों से बंद पड़े पुल का निर्माण कराया जाएगा।
अन्य घोषणाओं में मंगलौर से गुरुकुल बाईपास की ओर जाने वाले सराय राजवाहे की पटरी का निर्माण, टिकौला कलां में ग्राम सुथराड़ा की ओर जाने वाले सिलाखाला पर तटबंध का निर्माण तथा ग्राम ब्रह्मपुर जट में मदन के मकान से योगेंद्र के मकान तक सड़क निर्माण शामिल है।
ट्यूबवेल के विद्युत बिल माफ किए जाने की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस विषय का परीक्षण कराया जाएगा।
गन्ना मूल्य वृद्धि पर किसानों को भरोसा, जल्द होगा निर्णय
रैली में किसानों की ओर से गन्ना मूल्य बढ़ाने की मांग उठाई गई। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक वर्ष किसानों के हित में गन्ना मूल्य बढ़ाने का प्रयास करती रही है। पिछले वर्ष भी गन्ना मूल्य में वृद्धि की गई थी और इस वर्ष भी जल्द ही इस संबंध में निर्णय लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंगलौर क्षेत्र के किसान, व्यापारी, श्रमिक और छोटे उद्यमी स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहे हैं। राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए निरंतर काम कर रही है।
मंगलौर में स्वास्थ्य, सड़क और पेयजल सुविधाओं का विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई कार्य किए गए हैं। नारसन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट स्थापित की गई है। वहीं, लिब्बरहेड़ी की आंतरिक सड़कों के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है।
एक हजार से अधिक परिवारों को मिले आवास, 32 हजार से ज्यादा आयुष्मान कार्ड
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत एक हजार से अधिक लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत 21 हजार से अधिक घरों में शौचालयों का निर्माण कराया गया है। इसके अलावा क्षेत्र के 32 हजार से अधिक लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं, जिससे पात्र परिवारों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।
जल जीवन मिशन के अंतर्गत ₹58 करोड़ से अधिक की लागत वाली 27 पेयजल पंपिंग योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है। इन योजनाओं से क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
किसानों को तीन लाख रुपये तक ब्याजमुक्त कृषि ऋण
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। राज्य में किसानों को तीन लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त कृषि ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। नहरों से सिंचाई की सुविधा निःशुल्क की गई है।
उन्होंने बताया कि फार्म मशीनरी बैंक योजना के अंतर्गत कृषि उपकरणों की खरीद पर 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के माध्यम से किसानों को फसल नुकसान की स्थिति में सुरक्षा प्रदान की जा रही है।
बाबा साहेब के योगदान को सम्मान देने के लिए पंचतीर्थ का विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान और उनकी स्मृतियों को संजोने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। प्रतिवर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है। बाबा साहेब के जीवन से जुड़े पांच महत्वपूर्ण स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया गया है।
यूसीसी, नकल विरोधी और दंगा रोधी कानून का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने सुशासन स्थापित करने, कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी), सख्त नकल विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून लागू किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना, किसानों की आय में वृद्धि करना और मातृशक्ति का सशक्तिकरण राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार उत्तराखण्ड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है।
जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री करतार सिंह भड़ाना, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह, रुड़की की महापौर अनीता अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, समालखा के विधायक मनमोहन भड़ाना, श्यामवीर सैनी, शोभाराम प्रजापति, आदेश सैनी, चौधरी अजीत सिंह, किसान आयोग के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह, पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैम्पियन, ब्लॉक प्रमुख कविन्द्र चौधरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
