देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी नवचयनित अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि नियुक्ति पत्र के साथ ही उन्हें जनसेवा की एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी मिली है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ करें।
चयनित 36 अभ्यर्थियों में 13 बेटियों के शामिल होने पर मुख्यमंत्री ने विशेष प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बेटियों की यह सफलता प्रदेश की उन युवतियों के लिए प्रेरणा बनेगी, जो सरकारी सेवाओं में आने के लिए मेहनत कर रही हैं।
राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं नायब तहसीलदार
मुख्यमंत्री ने कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनका सीधा संबंध आम नागरिकों की जमीन, आजीविका और अधिकारों से होता है। इसलिए इस पद पर कार्यरत अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे प्रत्येक मामले को गंभीरता से लें और आमजन को समय पर न्याय एवं राहत उपलब्ध कराएं।
उन्होंने निर्देश दिए कि नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों का पूरी सावधानी के साथ निर्धारित समय सीमा में निस्तारण किया जाए। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से किसानों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने को कहा।
उन्होंने कहा कि किसान के लिए उसकी जमीन केवल संपत्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार की आजीविका और बच्चों के भविष्य का आधार होती है। ऐसे में राजस्व मामलों का निस्तारण करते समय संबंधित परिवार की परिस्थितियों को भी समझना जरूरी है।
बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को तहसीलों के चक्कर न लगाने पड़ें
मुख्यमंत्री ने दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों से तहसील आने वाले लोगों, विशेषकर बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फरियादियों की बात धैर्यपूर्वक सुनी जाए और उन्हें आवश्यक दस्तावेजों तथा सरकारी प्रक्रियाओं की स्पष्ट जानकारी दी जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आम नागरिकों को किसी काम के लिए बार-बार तहसील के चक्कर न लगाने पड़ें। प्रशासन की कार्यशैली ऐसी होनी चाहिए, जिससे लोगों को सरलता से सेवाएं मिलें और उनका समय तथा संसाधन बचें।
आपदा राहत में त्वरित और सटीक आकलन के निर्देश
उत्तराखण्ड की विषम भौगोलिक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा के समय राजस्व अधिकारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपदा से हुए नुकसान का सही और त्वरित आकलन किया जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को समय पर राहत मिल सके।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने नवनियुक्त अधिकारियों से कहा कि वे किसी भी दबाव, सिफारिश या प्रलोभन में आए बिना नियमों और तथ्यों के आधार पर निर्णय लें।
उन्होंने कहा कि बिना किसी सिफारिश के सरकारी कार्यालय पहुंचने वाले आम नागरिक का जायज काम तत्परता से करना ही निष्पक्ष और जवाबदेह प्रशासन की असली पहचान है।
‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ को कार्यशैली में उतारें अधिकारी
मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त अधिकारियों को सरकार के मूल मंत्र ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ को अपनी कार्यशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था का उद्देश्य केवल प्रक्रियाओं को पूरा करना नहीं, बल्कि आम नागरिकों की समस्याओं का प्रभावी समाधान करना होना चाहिए।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में पारदर्शी भर्ती व्यवस्था का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां दी जा चुकी हैं।
नायब तहसीलदार का पद जनसेवा का सशक्त माध्यम : मुख्य सचिव
कार्यक्रम में मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने भी नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पद केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का एक सशक्त माध्यम है। अधिकारियों की विशेष जिम्मेदारी उन लोगों के प्रति है, जिनकी पहुंच और उम्मीदें मुख्य रूप से तहसील स्तर के प्रशासन पर निर्भर करती हैं।
इस अवसर पर सचिव राजस्व एस.एन. पाण्डेय, सचिव एवं आयुक्त राजस्व परिषद रंजना राजगुरु सहित राजस्व विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
