देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरु गोविंद नगर, रेसकोर्स स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने गुरु नानक देव जी को नमन करते हुए समस्त संगत और प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी पूरी मानवता के लिए प्रासंगिक हैं। उनकी तीन प्रमुख शिक्षाएं हमें परमात्मा का स्मरण करने, ईमानदारी से मेहनत कर आजीविका अर्जित करने और अपनी कमाई को जरूरतमंदों के साथ साझा करने की प्रेरणा देती हैं। इन सिद्धांतों को दैनिक जीवन में अपनाकर समाज को अधिक संवेदनशील, समरस और बेहतर बनाया जा सकता है।
‘सरबत दा भला’ की भावना सिखाती है सबके कल्याण का मार्ग
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिख परंपरा में निहित ‘सरबत दा भला’ की भावना हमें सभी के सुख और कल्याण की कामना करना सिखाती है। यह विचार केवल एक समुदाय तक सीमित नहीं है, बल्कि संपूर्ण मानवता के कल्याण का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि सिख समाज ने सेवा, साहस और समर्पण की गौरवशाली परंपरा को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाया है। देश की सीमाओं की रक्षा हो, आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्य हों या जरूरतमंदों की सहायता, हर क्षेत्र में सिख समाज का योगदान अनुकरणीय रहा है।
करतारपुर साहिब कॉरिडोर को बताया आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सिख समाज की आस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। करतारपुर साहिब कॉरिडोर का खुलना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे श्रद्धालुओं के लिए करतारपुर साहिब के दर्शन का मार्ग सुगम हुआ है।
उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड का सिख परंपरा से गहरा आध्यात्मिक और ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है। गुरु नानक देव जी की यात्राओं से जुड़ी स्मृतियां प्रदेश में आज भी श्रद्धा और सम्मान के साथ संजोई जाती हैं।
हेमकुंट साहिब रोपवे से श्रद्धालुओं की यात्रा होगी सुगम
मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड स्थित श्री हेमकुंट साहिब को विश्वभर के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गोविंदघाट से श्री हेमकुंट साहिब तक 12.4 किलोमीटर लंबे रोपवे के निर्माण को मंजूरी दी है।
इस रोपवे के बनने से श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक सुगम और सुविधाजनक होगी। विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग श्रद्धालुओं को इसका लाभ मिलेगा। इससे हेमकुंट साहिब की यात्रा को नई सुविधा और गति मिलेगी।
गुरुद्वारे में बड़ी संख्या में संगत रही मौजूद
कार्यक्रम में गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान गुरबख्श सिंह राजन, महासचिव गुलजार सिंह, बलजीत सोनी सहित जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में साध संगत उपस्थित रही।
