सीएम धामी ने किया ‘बेटा हिमालय का’ गीत का विमोचन, विकास यात्रा और नए उत्तराखण्ड की संभावनाओं को मिली आवाज

‘संकल्प नए उत्तराखण्ड का’ थीम पर तैयार गीत में पर्यटन, महिला सशक्तिकरण, युवा रोजगार और स्टार्टअप की दिखाई गई झलक; टीम उत्तराधुन ने किया निर्माण

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासकीय आवास में उत्तराखण्ड के विकास कार्यों और राज्य की निरंतर प्रगति को समर्पित गीत ‘बेटा हिमालय का’ का विमोचन किया। ‘संकल्प नए उत्तराखण्ड का’ थीम पर आधारित इस गीत में प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता के साथ विकास के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे प्रयासों और भविष्य की संभावनाओं को गीत-संगीत एवं दृश्यात्मक प्रस्तुति के माध्यम से दर्शाया गया है।

टीम उत्तराधुन द्वारा तैयार किए गए इस गीत में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड में हो रहे विकास कार्यों, पर्यटन के विस्तार, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के लिए बढ़ते अवसरों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया है। इसके साथ ही स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में राज्य की ओर से किए जा रहे प्रयासों की झलक भी दिखाई गई है।

गीत-संगीत जनभावनाओं को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम : धामी

गीत के विमोचन के अवसर पर मुख्यमंत्री ने इसके निर्माण से जुड़े सभी कलाकारों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गीत-संगीत जनभावनाओं को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम है। इस तरह की रचनात्मक प्रस्तुतियां राज्य की विकास यात्रा, उपलब्धियों और संभावनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड केवल प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक विरासत के लिए ही नहीं, बल्कि विकास के नए अवसरों और संभावनाओं के लिए भी अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। ऐसे प्रयास प्रदेश की सकारात्मक तस्वीर को व्यापक स्तर पर सामने लाने में मददगार साबित होते हैं।

महिला सशक्तिकरण और युवाओं के अवसरों पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार उत्तराखण्ड के समग्र विकास के साथ मातृशक्ति के सशक्तिकरण और युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा देने के साथ राज्य में नए अवसरों का विस्तार भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि राज्य की समृद्ध लोकसंस्कृति और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण एवं संवर्धन भी बेहद जरूरी है। प्रदेश सरकार स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और उन्हें अपनी कला के प्रदर्शन के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

‘संकल्प नए उत्तराखण्ड का’ थीम पर सजी विकास की तस्वीर

‘बेटा हिमालय का’ गीत में उत्तराखण्ड की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक पहचान और विभिन्न क्षेत्रों में हो रही प्रगति को रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। गीत के माध्यम से विकास की मौजूदा यात्रा के साथ एक नए और संभावनाओं से भरे उत्तराखण्ड की तस्वीर सामने रखने का प्रयास किया गया है।

मुख्यमंत्री ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि रचनात्मक माध्यमों के जरिए प्रदेश की उपलब्धियों, सांस्कृतिक पहचान और विकास की संभावनाओं को लोगों तक पहुंचाना महत्वपूर्ण है।