देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बी.एल. संतोष सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी के आवास पर पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। भाजपा के इन शीर्ष नेताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं।
‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प को समर्पित रहा जीवन
श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व मुख्यमंत्री के योगदान को याद करते हुए कहा कि श्रद्धेय खंडूरी जी ने संगठन की विचारधारा और ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प को सदैव अपने जीवन में आत्मसात किया। उन्होंने सेना में रहते हुए देश की रक्षा की और फिर राजनीति के माध्यम से समाज के उत्थान के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उनकी सादगी, शुचिता और सिद्धांतों की राजनीति आज के दौर में भी प्रासंगिक है।
कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्रोत बने रहेंगे खंडूरी जी
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भुवन चंद्र खंडूरी जी का अनुशासित नेतृत्व, कार्यकर्ताओं के प्रति अपार आत्मीयता तथा जनसेवा के प्रति उनका अटूट समर्पण संगठन के लिए सदैव प्रेरणा का एक महान स्रोत बना रहेगा। एक सख्त और ईमानदार प्रशासक के रूप में उत्तराखंड के विकास के लिए उनके द्वारा किए गए ऐतिहासिक कार्यों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनका मार्गदर्शन और आदर्श हमेशा भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता का पथ प्रदर्शित करते रहेंगे।
