देहरादून: उत्तराखंड में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, धार्मिक यात्राओं की तैयारियों को गति देने और किसानों की आर्थिकी में सुधार लाने के लिए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने एक बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने कुंभ मेला-2027, नंदादेवी राजजात यात्रा-2026 और राज्य के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में सड़कों के निर्माण व जन-सुविधाओं से संबंधित योजनाओं के लिए कुल ₹213 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है।
कुंभ मेला और नंदादेवी राजजात यात्रा के लिए विशेष बजट
आगामी धार्मिक आयोजनों को सुव्यवस्थित करने के लिए मुख्यमंत्री ने बजट का एक बड़ा हिस्सा स्वीकृत किया है। इसके तहत:
-
नंदादेवी राजजात (चमोली): वर्ष 2026 में आयोजित होने वाली इस यात्रा के मद्देनजर नलगांव-भटियाणा मोटर मार्ग के किमी 01 से 10 तक डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य के लिए ₹8.68 करोड़ की मंजूरी दी गई है।
-
कुंभ मेला-2027: मेले की सुरक्षा और पुलिस प्रशासन की पुख्ता व्यवस्थाओं के लिए प्राविधानित धनराशि के सापेक्ष ₹35 करोड़ के प्रस्ताव को हरी झंडी दी गई है।
सड़क नेटवर्क और एलीवेटेड कॉरिडोर का होगा निर्माण
राज्य के विभिन्न जिलों में यातायात को सुगम बनाने के लिए सड़कों के पुनर्निर्माण और सुदृढ़ीकरण को मंजूरी मिली है:
-
देहरादून: एस.एच.-85 में रिस्पना पुल (चंचल डेरी) से धर्मपुर चौक तक सघन यातायात को नियंत्रित करने के लिए थ्री-लेन (3-Lane) एलीवेटेड कॉरिडोर निर्माण हेतु ₹3.37 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
-
ऊधम सिंह नगर: रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के बिन्दुखेड़ा रायपुर मोटर मार्ग को हॉटमिक्स द्वारा दोबारा बनाने के लिए ₹3.95 करोड़ मंजूर हुए हैं।
-
अल्मोड़ा: जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में शहीद लांस नायक श्री दिनेश सिंह (ध्याडी-मिरगांव-मानेश्वर) मोटर मार्ग के सुधारीकरण के लिए ₹4.92 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
-
रुद्रप्रयाग व बागेश्वर: उखीमठ के ताला बंरगाली मोटर मार्ग के लिए ₹3.17 करोड़ और बागेश्वर के देवलधार-माईथान-लेटी-गिरेछीना मोटर मार्ग निर्माण हेतु ₹8.52 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।
पेयजल संकट से मिलेगी राहत
ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति के लिए मुख्यमंत्री ने दो बड़ी योजनाओं को मंजूरी दी है:
-
रुद्रप्रयाग जिले की अगस्त्यमुनि नगर पंचायत की छेनागाड पेयजल योजना के क्रियान्वयन के लिए ₹55.22 करोड़ का भारी-भरकम बजट स्वीकृत किया गया है।
-
देहरादून की उत्तर शाखा के अंतर्गत गंगोत्री विहार क्षेत्र में नलकूप (Tubewell) खनन, राइजिंग मेन तथा उससे जुड़े अन्य कार्यों के लिए ₹2.22 करोड़ जारी किए गए हैं।
धार्मिक स्थलों का सौंदर्यकरण और महिला प्रौद्योगिकी पार्क
सांस्कृतिक धरोहरों को सहेजने और महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण स्वीकृतियां दी गई हैं:
-
चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में एक महिला प्रौद्योगिकी पार्क (Women Technology Park) की स्थापना के लिए ₹60 लाख मंजूर किए गए हैं।
-
पिथौरागढ़ की धारचूला विधानसभा के ग्राम सभा बौन में श्री हयों गुरु देव व गैरेंग मंदिर के सौंदर्यकरण और चहारदीवारी निर्माण के लिए ₹85 लाख दिए गए हैं।
-
अल्मोड़ा के सल्ट में कुलान्टेश्वर महादेव मेला स्थल के सौंदर्यकरण के लिए ₹50.08 लाख, द्वाराहाट के चौखुटिया (मांसी) में रामगंगा नदी तट पर स्थित राम पादुका मंदिर में स्नान घाट निर्माण हेतु ₹37.60 लाख और ग्राम सकुनी में सुकेश्वर महादेव मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए ₹1.25 करोड़ स्वीकृत हुए हैं।
-
हरिद्वार के पिरान कलियर विधानसभा क्षेत्र के मेवड नागड स्थित श्मशान घाट में बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए ₹16.49 लाख की मंजूरी मिली है।
किसानों की आर्थिकी को मजबूती और सहकारी मिलों को ऋण
किसानों के कल्याण और कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने फसल कृषि कर्म के कर्ज, वाणिज्यिक फसलों और उत्तराखंड सहकारी क्षेत्र/निगम की मिलों को ऋण मद हेतु प्राविधानित ₹130 करोड़ की धनराशि के सापेक्ष ₹81.47 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इससे राज्य के किसानों और सहकारी चीनी मिलों को बड़ी राहत मिलेगी।
सितारगंज में नए मार्ग और स्कूल का नामकरण
मुख्यमंत्री ने सितारगंज विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गुरुग्राम और रंजीतनगर से सुरेंद्रनगर (तारकनाथ मंदिर होते हुए) मुख्य मार्गों के पुनर्निर्माण और नाले की ओर मार्ग निर्माण के लिए क्रमशः ₹88.76 लाख और ₹1.79 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है।
इसके साथ ही, मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने एक ऐतिहासिक फैसला लेते हुए अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र (विकासखण्ड ताकुला) के राजकीय प्राथमिक विद्यालय धौलरा का नाम बदलकर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व० श्री विद्याधर वैष्णव के नाम पर रखने का सहर्ष अनुमोदन दिया है।
