रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिया तीसरी बार प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने का मंत्र, चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान
हरिद्वार। भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड की दो दिवसीय विस्तारित प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक रविवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के जोशीले संबोधन और तीसरी बार प्रदेश में भाजपा सरकार बनाने के संकल्प के साथ संपन्न हुई। बैठक के अंतिम सत्र में पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रदेशभर से आए पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर नई ऊर्जा का संचार किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी तैयारियों में जुटने और वर्ष 2027 में भाजपा को एक बार फिर प्रचंड बहुमत से सत्ता में लाने का आह्वान किया।
बैठक के समापन के बाद भाजपा की प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कार्यकर्ताओं के बीच चुनावी बिगुल फूंककर गए हैं। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया है कि उत्तराखंड में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी तैयारी और समर्पण के साथ मैदान में उतरे।
दीप्ति रावत ने कहा कि राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में भाजपा के पिछले 10 वर्षों के कार्यकाल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों और मातृशक्ति, युवाओं तथा पूर्व सैनिकों एवं सैनिक परिवारों के लिए संचालित योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन्हीं कार्यों और जनता के विश्वास के दम पर भाजपा ने उत्तराखंड में वर्ष 2022 में दोबारा सरकार न बनने के मिथक को तोड़कर इतिहास रचा था। अब पार्टी वर्ष 2027 में भी इसी विश्वास के साथ तीसरी बार सरकार बनाने की ओर अग्रसर है।
उत्तराखंड की सैन्य परंपरा और राष्ट्रवाद का किया उल्लेख
दीप्ति रावत के अनुसार, रक्षा मंत्री ने उत्तराखंड की विशिष्ट पहचान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह चारधाम के साथ-साथ सैन्य धाम के रूप में भी अपनी अलग पहचान रखता है। प्रदेश की सैन्य परंपरा, वीर सैनिकों के योगदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण को रेखांकित करते हुए उन्होंने प्रत्येक बूथ के कार्यकर्ता से राष्ट्रवाद, सनातन संस्कृति और विकास के संगम को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को संदेश दिया कि केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की धामी सरकार के कार्यों को जनता के बीच लेकर जाएं और संगठन की मजबूती के लिए बूथ स्तर तक सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा और तीसरी जीत का संकल्प
प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने कहा कि बैठक में प्रदेशभर से आए विधायक, जिला पंचायत सदस्य, जिलाध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी और पार्टी कार्यकर्ता रक्षा मंत्री के मार्गदर्शन से नई ऊर्जा लेकर अपने-अपने क्षेत्रों में लौटेंगे। यह ऊर्जा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों में दिखाई देगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ जनता के बीच जाएंगे और प्रदेश में एक बार फिर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने के लक्ष्य को हासिल करेंगे।
दो दिवसीय विस्तारित प्रदेश कार्यकारिणी बैठक का समापन एक स्पष्ट राजनीतिक संदेश और चुनावी संकल्प के साथ हुआ। बैठक का सार पार्टी के उद्घोष ‘जय बाबा बद्री, जय बाबा केदार, फिर तीसरी बार भाजपा सरकार’ में दिखाई दिया। अब भाजपा संगठन ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियों को गति देने का संकेत दे दिया है।
