पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर निकली 47 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रकृति पथ साइकिल यात्रा का समापन, मुख्यमंत्री धामी ने किया यात्रियों का अभिनंदन

डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के नेतृत्व में भारत-नेपाल में निकाली गई साइकिल यात्रा, जल-जंगल-जमीन के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास

विकास और पर्यावरण एक-दूसरे के विरोधी नहीं, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करते हुए आगे बढ़ना जरूरी: मुख्यमंत्री धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज शासकीय आवास पर आयोजित कार्यक्रम में पद्म भूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के नेतृत्व में निकाली गई 47 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रकृति पथ साइकिल यात्रा-2026 के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने डॉ. जोशी सहित यात्रा में शामिल सभी साइकिल यात्रियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया और अभियान की सफलता के लिए बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. अनिल प्रकाश जोशी द्वारा 47 दिनों तक साइकिल यात्रा के माध्यम से प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना उनके समर्पण, दृढ़ इच्छाशक्ति और संकल्प का प्रेरणादायी उदाहरण है। यह यात्रा केवल लंबी दूरी तय करने का अभियान नहीं, बल्कि जल, जंगल, जमीन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करने का सार्थक प्रयास है।

भारत-नेपाल के सांस्कृतिक संबंधों और पर्यावरण संरक्षण का साझा संदेश

मुख्यमंत्री धामी ने भारत और नेपाल के सदियों पुराने सांस्कृतिक, धार्मिक एवं सामाजिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच आत्मीय रिश्ते साझा विरासत की पहचान हैं। जनकपुर धाम और अयोध्या का संबंध हमारी सांस्कृतिक विरासत और रोटी-बेटी के आत्मीय रिश्तों का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल की भौगोलिक एवं प्राकृतिक परिस्थितियां भी एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के लिए दोनों देशों के बीच सामूहिक प्रयास और सहयोग बेहद आवश्यक हैं।

विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास और पर्यावरण एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं। आवश्यकता इस बात की है कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करते हुए विकास योजनाओं को आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने ग्रॉस एनवायरनमेंट प्रोडक्ट (जीईपी) की अवधारणा को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरण की गुणवत्ता का आकलन विकास की दिशा तय करने में उपयोगी सिद्ध हो सकता है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान हिमालय, नदियों, वनों, जैव विविधता और समृद्ध प्राकृतिक संपदा से है। राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण को विकास की प्राथमिकताओं में शामिल करते हुए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नौले-धारे, चाल-खाल, पारंपरिक जल स्रोतों और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाना राज्य सरकार का विकल्प रहित संकल्प है। इस अभियान में महिलाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी विशेष रूप से महत्वपूर्ण है।

विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 के पोस्टर का विमोचन

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 28 से 30 नवंबर 2026 तक देहरादून में आयोजित होने वाले विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 के पोस्टर का भी विमोचन किया।

इस अवसर पर यू-कॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने बताया कि सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों के सफल एवं सुरक्षित बचाव अभियान की तीसरी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में इस सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।

सम्मेलन के माध्यम से आपदा प्रबंधन, सुरक्षित बचाव अभियानों, वैज्ञानिक तकनीकों और आपदाओं से निपटने की तैयारियों से जुड़े विषयों पर चर्चा को आगे बढ़ाया जाएगा।

कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन और आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में जनजागरूकता बढ़ाने के सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया गया।