मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया ‘मेरी योजना’ पुस्तकों का विमोचन एवं मेरी योजना पोर्टल का लोकार्पण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज बुधवार को आईआरडीटी ऑडिटोरियम, सर्वे चौक, देहरादून में कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग, उत्तराखण्ड द्वारा आयोजित विचार गोष्ठी में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘मेरी योजना’ शृंखला की तीनों पुस्तकों का विमोचन किया तथा उत्तराखण्ड के लिए मेरी योजना पोर्टल (myscheme.gov.in) का भी शुभारंभ किया।

हर नागरिक तक पहुंचेगी योजनाओं की पूरी जानकारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि “मेरी योजना”, “मेरी योजना-राज्य सरकार” तथा “मेरी योजना-केंद्र सरकार” इन तीनों पुस्तकों के माध्यम से अब राज्य का प्रत्येक नागरिक केंद्र एवं राज्य सरकार की सभी योजनाओं की संपूर्ण जानकारी एक ही स्थान पर आसानी से प्राप्त कर सकेगा। इन पुस्तकों में योजनाओं के साथ-साथ आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज एवं पात्रता मानदंडों की विस्तृत जानकारी भी दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य योजनाओं का धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन करना तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध ढंग से लाभ पहुँचाना है। मेरी योजना पुस्तकें एवं पोर्टल इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

Chief Minister Pushkar Singh Dhami released the books 'Meri Yojana' and inaugurated the Meri Yojana portal

 डीबीटी से सीधे खाते में पहुंच रहा लाभ
श्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनकेंद्रित शासन की नई कार्य संस्कृति स्थापित हुई है। आज अधिकांश योजनाओं का लाभ डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में पहुँचाया जा रहा है। उत्तराखण्ड सरकार भी “सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि” के मंत्र पर चलते हुए जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान कर रही है। समाज कल्याण विभाग की सभी पेंशन योजनाओं की राशि अब डीबीटी से प्रत्येक पात्र व्यक्ति के खाते में पहुँच रही है।

 विकसित उत्तराखण्ड के लिए तेजी से काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, खेल, पेयजल एवं हवाई कनेक्टिविटी जैसे सभी प्रमुख क्षेत्रों में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जा रहा है। साथ ही ‘वोकल फॉर लोकल’, ‘मेक इन इंडिया’ एवं ‘स्टार्टअप इंडिया’ जैसी राष्ट्रीय पहलों के अनुरूप विकसित भारत @2047 एवं विकसित उत्तराखण्ड के संकल्प को साकार करने के लिए तेज गति से कार्य हो रहा है।

राज्य सरकार स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएँ चला रही है, जिनमें शामिल हैं:

  • – एक जनपद, दो उत्पाद (ODOP)
    – हाउस ऑफ हिमालयज ब्रांड
    – स्टेट मिलेट मिशन
    – फार्म मशीनरी बैंक
    – एप्पल मिशन
    – नई पर्यटन नीति
    – नई फिल्म नीति
    – होम स्टे योजना
    – वेड इन उत्तराखण्ड
    – सौर स्वरोजगार योजना

 स्थानीय उत्पादों को मिले प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने सभी से अपील की कि विभिन्न कार्यक्रमों में दिए जाने वाले स्मृति चिन्ह उत्तराखण्ड में बने स्थानीय उत्पाद ही हों। उन्होंने कहा कि ऐसे छोटे-छोटे प्रयासों से हमारे कारीगरों, मातृ शक्ति एवं हस्तशिल्पियों को बहुत बड़ा प्रोत्साहन मिलता है। स्वयं मुख्यमंत्री ने बताया कि वे जब भी किसी कार्यक्रम में जाते हैं या देश-विदेश के महानुभावों से मिलते हैं, उत्तराखण्ड के स्थानीय उत्पाद ही भेंट करते हैं।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल, सचिव कार्यक्रम क्रियान्वयन श्री दीपक कुमार, विधायक श्री खजान दास, सेतु आयोग के उपाध्यक्ष श्री राजशेखर जोशी सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

**मेरी योजना पोर्टल देखें:** [https://myscheme.gov.in](https://myscheme.gov.in) (उत्तराखण्ड फिल्टर चुनें)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *